Nushrratt Bharuccha Accident : बॉलीवुड से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अपनी बेहतरीन एक्टिंग के लिए पहचानी जाने वाली अभिनेत्री नुसरत भरुचा (Nushrratt Bharuccha) इंडोनेशिया के बाली (Bali) में एक हादसे का शिकार हो गई हैं। एनडीटीवी की रिपोर्ट्स के मुताबिक, नुसरत काम के सिलसिले में बाली गई थीं और वहां एक एक्सीडेंट के बाद उन्हें गंभीर चोट आई है, जिसके चलते उन्हें बाली के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है।
बाली में वर्क ट्रिप के दौरान हुआ हादसा
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, नुसरत भरुचा अपने एक वर्क कमिटमेंट के सिलसिले में बाली गई थीं और काम पूरा होने के बाद उन्होंने वहां कुछ दिन और रुकने (Extend stay) का फैसला किया था। इसी दौरान वह दुर्भाग्यपूर्ण हादसे का शिकार हो गई।
सूत्रों ने बताया—”नुसरत भरुचा का बाली में एक दुर्भाग्यपूर्ण एक्सीडेंट हो गया है। वह वहां एक वर्क कमिटमेंट के लिए गई थीं और उन्होंने कुछ दिनों के लिए अपना स्टे बढ़ा लिया था। इस हादसे में उन्हें चोट आई है और फिलहाल वह बाली के एक अस्पताल में मेडिकल देखरेख में भर्ती हैं।”
हालांकि, अभी तक उनकी चोट की गंभीरता और एक्सीडेंट के कारणों को लेकर ज्यादा आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इस खबर के आने के बाद से उनके फैंस काफी परेशान और उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। कुछ ही दिन पहले एक्ट्रेस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बाली वैकेशन की कुछ खूबसूरत तस्वीरें भी शेयर की थीं।
टाइगर श्रॉफ की फिल्म और अन्य प्रोजेक्ट्स
वर्क फ्रंट की बात करें तो नुसरत भरुचा इन दिनों अपनी कई बड़ी फिल्मों को लेकर भी चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने टाइगर श्रॉफ के साथ एक आगामी फिल्म के लिए हाथ मिलाया है, जो दोनों की पहली ऑन-स्क्रीन पार्टनरशिप होगी। पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, इस फिल्म में नुसरत का किरदार काफी दमदार और अलग होगा, जो सिर्फ एक पारंपरिक महिला सह-कलाकार (Conventional co-lead) से कहीं आगे का है।
इस फिल्म में नुसरत के अलावा पशमीना रोशन, अभिषेक बनर्जी और एल्विश यादव भी अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। इसके अलावा, यह प्रोजेक्ट प्रोड्यूसर विक्की जैन (Viccky Jain) के लिए भी काफी खास है, क्योंकि वह अपने नए बैनर ‘वीजे फ्रेम्स’ (VJ Frames) के तहत इसी फिल्म से बतौर प्रोड्यूसर अपनी पारी की शुरुआत कर रहे हैं। नुसरत को आखिरी बार सोhum शाह के साथ कॉमेडी थ्रिलर फिल्म ‘उफ्फ ये सियापा’ (Ufff Yeh Siyapaa) में देखा गया था।







