Upasana Singh CINTAA Controversy : सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) के अंदरूनी विवादों ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। जानी-माने अभिनेत्री उपासना सिंह (Upasana Singh) ने दिग्गज अभिनेत्रियों पूनम ढिल्लों (Poonam Dhillon) और पद्मिनी कोल्हापुरी (Padmini Kolhapure) के साथ-साथ कोषाध्यक्ष कंवरजीत पेंटल पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उपासना का दावा है कि इन लोगों ने CINTAA के लगभग 90 लाख रुपये के फिक्सड डिपॉजिट (FD) को बिना सदस्यों की अनुमति के तोड़ दिया और उन बैंक खातों से पैसे ट्रांसफर किए, जिन्हें नियमों के तहत फ्रीज (Frozen) रहना चाहिए था।
“कोर्ट के आदेश से पहले खोले गए खाते और तोड़ी गईं FDs”
IANS से बातचीत के दौरान उपासना सिंह ने खुलासा किया कि CINTAA के पांच अलग-अलग बैंकों में फिक्सड डिपॉजिट और बैंक खाते हैं। उन्होंने बताया कि बैंकों को पहले ही पुरानी समिति (Committee) के विघटन (Dissolution) के बारे में सूचित कर दिया गया था और यह निर्देश दिया गया था कि जब तक कोर्ट के आदेश से नई समिति का गठन और आधिकारिक मान्यता नहीं मिल जाती, तब तक सभी खातों को फ्रीज रखा जाए।
हालांकि, नियमों को ताक पर रखकर कथित तौर पर अकाउंट पहले ही खोल लिए गए। उपासना ने आरोप लगाते हुए कहा— “हमें पता चला कि बैंक खाता पहले ही खोला जा चुका था। उन्होंने वहां अपना खाता खुलवाया और CINTAA के एफडी का सारा पैसा उसमें ट्रांसफर कर लिया गया।”
उन्होंने सवाल उठाया कि बिना CINTAA के आम सदस्यों से पूछे बिना फिक्सड डिपॉजिट कैसे तोड़े जा सकते हैं? उपासना ने कहा कि यह बहुत बड़ा मुद्दा है, क्योंकि किसी भी संस्था के एफडी को तोड़ने के लिए सदस्यों की रजामंदी जरूरी होती है।
बैंक ले जाकर केवाईसी करवाने का आरोप
उपासना सिंह का आरोप है कि इस अवैध लेनदेन के लिए संस्था के ऑफिस स्टाफ ने संघ की अध्यक्ष पूनम ढिल्लों, उपाध्यक्ष पद्मिनी कोल्हापुरी और कोषाध्यक्ष कंवरजीत पेंटल (Kanwarjit Paintal) का इस्तेमाल किया।
उन्होंने दावा किया कि स्टाफ इन तीनों दिग्गजों को सीधे बैंक लेकर गया और बैंक अधिकारियों से कहा – यह हमारी मुहर (Stamp) है, यह हमारी ईमेल आईडी है और यह हमारा दफ्तर है। आप केवाईसी प्रक्रिया के जरिए हमारा खाता खोल दीजिए।”
उपासना के मुताबिक, हालांकि इस बात की सटीक जानकारी अभी सामने नहीं आई है कि एफडी से कुल कितनी रकम निकाली गई है, लेकिन पैसों का इस्तेमाल अलग-अलग जगहों पर किए जाने का शक है।
CINTAA में अधिकारों की जंग जारी
आपको बता दें कि CINTAA लंबे समय से अंदरूनी खींचतान और इस बात को लेकर विवादों में घिरा हुआ है कि संगठन की कमान किसके हाथ में होनी चाहिए। एसोसिएशन के अलग-अलग गुट समिति और उसके बैंक खातों पर नियंत्रण पाने का दावा कर रहे हैं। ताजा आरोपों के सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री के इस प्रतिष्ठित संगठन में घमासान और ज्यादा तेज हो गया है।







