Amitabh Bachchan knee injury KBC 18 : बॉलीवुड के ‘महानायक’ अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) इन दिनों अपने पॉपुलर क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ (KBC 18) को होस्ट करने को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। इसी बीच शो के सेट से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अमिताभ बच्चन को केबीसी की शूटिंग के दौरान चोट लग गई है। बुधवार के एपिसोड के दौरान बिग बी ने खुद खुलासा किया कि वह हाल ही में सेट पर फिसल कर गिर गए थे, जिसके कारण उन्हें खड़े होने में थोड़ी परेशानी हो रही है।
शूटिंग के दौरान फिसले बिग बी, घुटने में लगी चोट
आम तौर पर अमिताभ बच्चन शो की शुरुआत में सेंटर स्टेज पर खड़े होकर अपना आइकॉनिक ओपनिंग मोनोलॉग डिलीवर करते हैं, लेकिन हाल ही में प्रसारित हुए एपिसोड में उन्हें अपनी कुर्सी पर बैठकर ही शो की शुरुआत करते हुए देखा गया।
अपनी इस स्थिति के बारे में बात करते हुए बिग बी ने दर्शकों को बताया -“आमतौर पर मैं सेंटर में खड़े होकर अपना मोनोलॉग करता हूं, लेकिन आज मुझे घुटने में चोट लगी है। कल शूटिंग के दौरान मैं फिसल गया था और गिर गया, जिससे मेरे घुटने में चोट आ गई है।”
उन्होंने आगे कहा कि उन्हें खड़े होने में “थोड़ी सी दिक्कत” हो रही है, इसलिए वह बैठकर मोनोलॉग दे रहे हैं। हालांकि, उन्होंने अपने फैंस को आश्वस्त करते हुए यह भी कहा कि चोट बहुत ज्यादा गंभीर नहीं है और वह जल्द ही पूरी तरह ठीक हो जाएंगे।
रिटायरमेंट की खबरों पर अमिताभ बच्चन ने तोड़ी चुप्पी
अपने काम को लेकर हमेशा समर्पित रहने वाले 80+ उम्र के अमिताभ बच्चन ने हाल ही में उन अफवाहों पर भी करारा जवाब दिया, जिसमें उनके रिटायरमेंट (संन्यास) की बातें कही जा रही थीं। यह सारा बखेड़ा तब शुरू हुआ जब बिग बी ने अपने एक ऑफिशियल ब्लॉग पोस्ट में “wishes to retire” लिख दिया था। इस लाइन को पढ़कर उनके फैंस चिंतित हो गए थे कि क्या वह फिल्मों और टीवी से हमेशा के लिए दूरी बना रहे हैं।
बाद में अमिताभ बच्चन ने अपनी उस लाइन का मतलब समझाते हुए साफ किया कि वह काम से नहीं, बल्कि सोने के लिए बिस्तर पर जाने (Retire to bed) की बात कर रहे थे। अपने ब्लॉग में एक अखबार की कटिंग शेयर करते हुए उन्होंने मीडिया पर कटाक्ष किया और लिखा— “जी नहीं हुजूर, मैं काम से रिटायर नहीं हो रहा हूं; अंग्रेजी में इसका मतलब होता है कि मैं अब सोने जा रहा हूं। और वहां मान्यवर आपको आने का निमंत्रण नहीं है।” बिग बी के इस बेबाक और मजाकिया अंदाज ने एक बार फिर साफ कर दिया कि वह अभी रुकने वाले नहीं हैं और अपने फैंस का मनोरंजन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।







