Anjali Anand Struggle: : फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में अपनी बेहतरीन एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीतने वाली एक्ट्रेस अंजलि आनंद (Anjali Anand) की जिंदगी में एक वक्त ऐसा भी आया था जब वह पूरी तरह टूट चुकी थीं। हाल ही में फराह खान के यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अंजलि ने अपने संघर्ष के उन काले दिनों को याद किया, जब उन्होंने देश और एक्टिंग छोड़ने का मन बना लिया था।
“2020 में ज़िंदगी के सबसे बुरे दौर से गुजर रही थी”
फराह खान के साथ बातचीत के दौरान अंजलि ने अपने बुरे वक्त को याद करते हुए बताया कि साल 2020 उनके लिए बेहद तनावपूर्ण था। उन्होंने कहा—“2020 में मैं अपनी ज़िंदगी के सबसे बुरे दौर से गुजर रही थी। मैं भारत छोड़ने और एक्टिंग पूरी तरह छोड़ने के बारे में सोच रही थी। मुझे काम के ऑफर नहीं मिल रहे थे, महामारी आ चुकी थी, मेरी सारी बचत (savings) खत्म हो चुकी थी और मैं छह महीने से अकेले किराए के घर में रह रही थी।”
यशराज फिल्म्स की कास्टिंग डायरेक्टर ने वजन के कारण ठुकराया
अंजलि ने बताया कि जब वह डिप्रेशन के दौर में थीं और उनके दोस्त उन्हें जबरदस्ती गोवा घुमाने ले गए थे, तब उन्हें यशराज फिल्म्स की जानी-मानी कास्टिंग डायरेक्टर शानू शर्मा का मैसेज आया।
हालांकि, उससे पहले के दिनों को याद करते हुए अंजलि ने खुलासा किया कि जब भी वह शानू शर्मा से रोल्स के लिए मिलती थीं, तो उन्हें सिर्फ उनके वजन की वजह से ना सुनना पड़ता था। शानू उनसे अक्सर कहती थीं—“जब तुम अपना वजन कम करोगी, तब हम तुम्हारे साथ कुछ करेंगे।”
जब धर्मा प्रोडक्शंस ने बदली किस्मत
यशराज फिल्म्स से निराशा मिलने के बाद अंजलि की जिंदगी में तब एक बड़ा मोड़ आया जब उन्हें करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस से कॉल आया। अंजलि ने उस पल को याद किया जब उन्होंने अपनी मां को बताया था कि वह करण जौहर से मिलने जा रही हैं।
उनकी मां को इस बात पर बिल्कुल यकीन नहीं हुआ और उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था, “बड़ी आई करण जौहर से मिलने जा रही है!” लेकिन अंजलि की मेहनत रंग लाई और उन्हें ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ फिल्म में काम करने का मौका मिला, जिसने उनके करियर की दिशा ही बदल दी।







