Ali Zafar Supports Katrina Body Shaming : बॉलीवुड एक्ट्रेस कैटरीना कैफ (Katrina Kaif) और विक्की कौशल ने पिछले साल नवंबर में अपने बेटे विएन (Vihaan) का स्वागत किया था। मदरहुड एंजॉय करने के बाद जब हाल ही में कैटरीना ने अंबानी परिवार के गणेशोत्सव में अपने पति के साथ रेयर पब्लिक अपीयरेंस दी, तो सोशल मीडिया पर लोगों ने उनकी पुरानी और नई तस्वीरों की तुलना करते हुए उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। इस पोस्ट-प्रेग्नेंसी बॉडी-शैमिंग को लेकर अब उनके साथ फिल्म ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’ में काम कर चुके पाकिस्तानी एक्टर और सिंगर अली जफर (Ali Zafar) खुलकर कैटरीना के सपोर्ट में उतर आए हैं।
अली जफर ने ट्रोलर्स और पुरुषों को दी खरी-खोटी
अली जफर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कैटरीना कैफ के खिलाफ चल रही इस भद्दी ट्रोलिंग पर कड़ी आपत्ति जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह ऐसे मामलों के खिलाफ सालों से आवाज उठाते रहे हैं, चाहे बात उनकी पाकिस्तानी कलीग माहिरा खान की हो या किसी अन्य महिला की।
मर्दों को खुद में सुधार की जरूरत: अली ने कहा, “हम सबको अपने अंदर झांककर देखने की जरूरत है। खासकर एक मर्द के तौर पर मुझे लगता है कि यह हमारे लिए बहुत जरूरी है कि हम खुद में सुधार करें। कोई भी परफेक्ट नहीं होता, लेकिन हमें अपनी गलतियों को मानना चाहिए और उन्हें सुधारना चाहिए।”
महिलाओं को कम आंकने की सोच: उन्होंने आगे कहा कि पुरुषों में अक्सर यह घमंड होता है कि वे किसी भी महिला के शरीर, उसकी सोच और उसके जीने के तरीके पर फैसले सुनाने लगते हैं। अगर कोई महिला उनके तय किए गए सुंदरता के मानकों पर खरी नहीं उतरती, तो वे उसे तुरंत नीचा दिखाने लगते हैं।
खूबसूरती के झूठे पैमाने और करुणा की बात
अली जफर ने बात करते हुए आगे कहा कि यह तरीका पूरी तरह गलत है। हर इंसान अपनी जिंदगी में किसी न किसी संघर्ष से गुजर रहा होता है, और हमें नहीं पता कि सामने वाला किस दौर से गुजर रहा है। इसलिए हमें एक-दूसरे के प्रति दयालु और समझदार बनना चाहिए। उन्होंने समाज के उन झूठे मानकों पर भी सवाल उठाए, जहां कभी महिलाओं से ‘जीरो फिगर’ की उम्मीद की जाती है, तो पुरुषों से ‘सिक्स-पैक्स’ की मांग की जाती है, जो सेहत के लिहाज से बिल्कुल सही नहीं है। उन्होंने अंत में साफ कहा, “हम सबका एक पास्ट रहा है। अगर मैं कभी किसी की शक्ल या रूप को देखकर उसकी आलोचना करूं, तो मुझे खुद पर शर्म आएगी। हर औरत की अपनी जिंदगी है, उसने क्या झेला है, उसका पास्ट-प्रेजेंट क्या है—उसे अपनी जिंदगी जीने दो और तुम अपनी जिंदगी जियो।”
कैटरीना को पहले भी मिल चुका है सपोर्ट
कैटरीना कैफ को सिर्फ इस बार ही नहीं, बल्कि इससे पहले अगस्त में जब वह फिल्ममेकर कुकू कोहली की प्रार्थना सभा में नजर आई थीं, तब भी उनके पोस्ट-प्रेग्नेंसी लुक को लेकर सोशल मीडिया पर काफी कमेंट्स किए गए थे। उस दौरान एक्ट्रेस शिवालिका ओबेरॉय ने भी कैटरीना का बचाव करते हुए कहा था, “क्या हो गया है मतलब?! यह मदरहुड है!”

बॉलीवुड में रहा है अली जफर का खास सफर
बात अगर अली जफर के करियर की करें, तो उन्होंने साल 2010 में फिल्म ‘तेरे बिन लादेन’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’ (2011), ‘लंदन, पेरिस, न्यूयॉर्क’ (2012) और ‘चश्मे बद्दूर’ (2013) जैसी फिल्मों में शानदार काम किया। हालांकि, साल 2016 के उरी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के राजनीतिक तनाव के चलते पाकिस्तानी कलाकारों के भारत में काम करने पर रोक लग गई थी, जिसके बाद उनका बॉलीवुड सफर थम गया था।






