Tiger Shroff Firing Case Updates
Tiger Shroff Firing Case Updates

Tiger Shroff Firing Case Updates : बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) की कार पर हुए जानलेवा हमले के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच और दिल्ली पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि हमलावरों ने गूगल की मदद से ठिकाने खोजकर ऑटो-रिक्शा चालकों के जरिए बॉलीवुड के कई दिग्गज अभिनेताओं की रेकी की थी। इसके अलावा, हमले से पहले होटल के कमरे में ही बंदूक चलाने की प्रैक्टिस भी की गई थी। इस बीच मुंबई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 (संगठित अपराध) जोड़ दी है। आइए जानते हैं केस से जुड़ी हर लेटेस्ट अपडेट।

गूगल से पता खोजा और ₹1,000 देकर ऑटो वालों से करवाई रेकी

मुंबई क्राइम ब्रांच की पूछताछ में सामने आया है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े इन शूटर्स ने मुंबई पहुंचने के बाद गूगल पर लोकेशन सर्च करके बॉलीवुड के बड़े-बड़े कलाकारों के घरों और जिम के पते निकाले थे। ऑटो चालकों का इस्तेमाल: आरोपियों ने स्थानीय इलाकों से अनजान होने के कारण ऑटो-रिक्शा चालकों को ₹1,000-₹1,000 देकर गाइड के रूप में इस्तेमाल किया।

इन दिग्गजों की हुई थी रेकी: शूटर्स ने सबसे पहले सलमान खान, अमिताभ बच्चन, आमिर खान और अक्षय कुमार जैसे सुपरस्टारों के घरों और उनके आसपास के इलाकों की रेकी की थी। हालांकि, सलमान खान और अन्य दिग्गजों के घर के बाहर सुरक्षा का कड़ा घेरा देखकर उन्होंने अपना इरादा बदल लिया था और आखिरकार गूगल से ही जानकारी जुटाकर टाइगर श्रॉफ को टारगेट बनाया, जो हर रविवार जुहू में फुटबॉल खेलने आते थे।

होटल के कमरे में चलाई बंदूक, हुआ था मिसफायर

जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है कि 18 अक्टूबर की शाम वारदात को अंजाम देने से ठीक पहले शूटर्स ने अपने होटल के कमरे में ही हथियारों को टेस्ट करने के लिए फायरिंग की प्रैक्टिस की थी। इस दौरान कमरे में एक राउंड मिसफायर (Misfire) भी हुआ था, लेकिन गनीमत रही कि किसी को इसकी भनक नहीं लगी और कोई घायल नहीं हुआ।

कुल 7 गिरफ्तारियां: 4 नए आरोपियों की मुंबई कोर्ट में पेशी

इस हाई-प्रोफाइल केस में अब तक कुल 7 गिरफ्तारियां हो चुकी हैंl 3 मुख्य शूटर: राजस्थान के कोटा से पहले ही ऋतिक (बिहार), रेहान (हरियाणा) और फूल सिंह गिरफ्तार किए जा चुके हैं। 4 हथियार सप्लायर: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मंगलवार को हरियाणा के सोनीपत निवासी कुणाल (21) व सुमित (19) और उत्तर प्रदेश की रहने वाली दो युवतियों—राधा (23) व बबीता (23) को गिरफ्तार किया था।

  • अदालत में पेशी: दिल्ली से ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाए गए इन चारों आरोपियों को आज (गुरुवार) मुंबई की अदालत में पेश किया जा रहा है, जहां मुंबई क्राइम ब्रांच साजिश की पूरी कड़ी जोड़ने के लिए उनकी पुलिस कस्टडी रिमांड मांगेगी।

BNS की धारा 111 (संगठित अपराध) जोड़ी गई

लॉरेंस गैंग और अनिल पंडित के साथ कनेक्शन और किसी बड़े क्राइम सिंडिकेट का हिस्सा होने के पुख्ता सबूत मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने इस केस में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 (Organised Crime) जोड़ दी है। इसके तहत आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जमानत मिलना बेहद मुश्किल होगा।

क्या थी पूरी घटना?

बीते 18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू स्थित एक फुटबॉल क्लब के बाहर जब टाइगर श्रॉफ अपनी कार से बाहर निकल रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार पर 6 से 7 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इस हमले में टाइगर तो पूरी तरह सुरक्षित रहे, लेकिन उनकी कार का शीशा टूटने से उनके ड्राइवर और साथ में मौजूद व्लॉगर उमेश चौहान घायल हो गए थे, जिन्हें खुद टाइगर अस्पताल लेकर गए थे। फिलहाल पुलिस मामले में फरार चल रहे चौथे संदिग्ध और स्थानीय संपर्कों की तलाश में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here