Tusshar Kapoor Extortion Call – बॉलीवुड में इन दिनों सुरक्षा और जानलेवा धमकियों का खौफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। सलमान खान पर हमले और कई सितारों को मिली सुरक्षा धमकियों के बीच अब एक और नया मामला सामने आया है। मशहूर अभिनेता तुषार कपूर (Tusshar Kapoor) से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रंगदारी (Extortion) मांगने की खबर से पूरी इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है।
धमकी मिलने के बाद तुषार कपूर ने बिना देर किए तुरंत इसकी जानकारी मुंबई पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
ऑडियो थ्रेट में खुद को बताया ‘हैरी बॉक्सर’
सामने आई जानकारी के मुताबिक, अभिनेता तुषार कपूर के पास एक अज्ञात ऑडियो थ्रेट (Audio Threat Call/Message) आया था। इस ऑडियो में धमकी देने वाले शख्स ने दावा किया कि वह खूंखार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य ‘हैरी बॉक्सर’ बोल रहा है।
धमकी देने वाले ने सीधे तौर पर 5 करोड़ रुपये की मांग की और रकम न देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। मामले की संवेदनशीलता और बॉलीवुड में चल रहे सुरक्षा माहौल को देखते हुए मुंबई पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई।
पुलिस का तुरंत एक्शन: एंटी एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंपी जांच
तुषार कपूर की शिकायत दर्ज होते ही मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। जांच एजेंसियां एक्टिव: केस की कमान तुरंत मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल (Anti-Extortion Cell) और क्राइम ब्रांच (Crime Branch) को सौंप दी गई।
वॉयस सैंपल मैचिंग: क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम ने तुषार कपूर को भेजे गए ऑडियो मैसेज की बारीकी से जांच शुरू की। पुलिस ने अपने डेटाबेस में पहले से मौजूद असली गैंगस्टर हैरी बॉक्सर के ऑडियो सैंपल से इस धमकी भरे मैसेज की आवाज का मिलान (Voice Matching Test) कराया।
जांच में क्या आया सामने? क्या किसी शरारती तत्व की है करतूत?
Tusshar Kapoor Extortion Call: जानिए पूरी खबर
मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, क्राइम ब्रांच की जांच में एक बड़ा मोड़ आया हैl सैंपल मैच नहीं हुए: डेटाबेस में मौजूद हैरी बॉक्सर की आवाज और तुषार कपूर को भेजे गए ऑडियो मैसेज की आवाज आपस में मैच नहीं हुई है।
फर्जी कॉल का अंदेशा: शुरुआती तकनीकी जांच के बाद पुलिस को संदेह है कि यह ऑडियो थ्रेट पूरी तरह फर्जी हो सकता है। दहशत फैलाने की साजिश: पुलिस को आशंका है कि फिल्म इंडस्ट्री में पहले से बने खौफनाक माहौल का फायदा उठाकर किसी शरारती तत्व ने सिर्फ दहशत फैलाने या पैसे वसूलने के मकसद से बिश्नोई गैंग और हैरी बॉक्सर के नाम का गलत इस्तेमाल किया है।
फिलहाल पुलिस उस अज्ञात नंबर और लोकेशन को ट्रेस करने में जुटी है जहाँ से यह मैसेज भेजा गया था। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह किसी सिरफिरे की अकेली हरकत है या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह काम कर रहा है।
बॉलीवुड के प्रतिष्ठित फिल्मी परिवार से हैं तुषार
गैंगस्टरों और रंगदारी मांगने वालों की नजर में बॉलीवुड सितारे हमेशा से रहे हैं। तुषार कपूर की बात करें तो वे इंडस्ट्री के सबसे प्रतिष्ठित परिवारों में से एक से ताल्लुक रखते हैंl वे हिंदी सिनेमा के दिग्गज और सदाबहार अभिनेता जितेंद्र (Jeetendra) और मशहूर निर्माता शोभा कपूर के बेटे हैं।
उनकी बड़ी बहन एकता कपूर (Ekta Kapoor) टीवी और फिल्म जगत की जानी-मानी और दिग्गज प्रोड्यूसर हैं। तुषार कपूर ने अपने करियर की शुरुआत साल 2001 में ‘मुझे कुछ कहना है’ से की थी। इसके बाद उन्होंने ‘क्या दिल ने कहा’, ‘जीना सिर्फ मेरे लिए’ और ‘ये दिल’ जैसी फिल्मों में काम किया। हालांकि, उन्हें असली पहचान और दर्शकों का बेपनाह प्यार कॉमेडी फिल्मों से मिला। ‘
गोलमाल’ फ्रेंचाइजी (गोलमाल, गोलमाल रिटर्न्स, गोलमाल 3) में उनके निभाए गूंगे किरदार ‘लकी’ और ‘क्या कूल हैं हम’ सीरीज ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया। इसके अलावा फिल्म ‘शोर इन द सिटी’ में उनके गंभीर अभिनय को भी समीक्षकों ने काफी सराहा था। फिलहाल मुंबई पुलिस ने तुषार कपूर के घर और उनकी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है और उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी है।

