Sunil Lahri Ramayana Review: नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी और रणबीर कपूर (भगवान राम), साई पल्लवी (सीता), सुपरस्टार यश (रावण) और रवि दुबे (लक्ष्मण) स्टारर बहुचर्चित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ (Ramayana: Part 1) इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। फिल्म को लेकर जहां आम जनता और क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं, वहीं अब रामानंद सागर की ऐतिहासिक टीवी सीरीज ‘रामायण’ में ‘लक्ष्मण’ का कालजयी किरदार निभाने वाले वरिष्ठ अभिनेता सुनील लहरी (Sunil Lahri) का रिएक्शन सामने आया है।
बुधवार (11 नवंबर) को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए सुनील लहरी ने फिल्म के भव्य विजुअल इफेक्ट्स (VFX) और कलाकारों की मेहनत की दिल खोलकर तारीफ की, लेकिन साथ ही इमोशनल सीन्स, संवाद (Dialogues) और भक्ति भाव की कमी को लेकर मेकर्स को कटघरे में भी खड़ा किया।
VFX और स्केल की तारीफ: “आंखों को बहुत अच्छी लगती है पिक्चर”
सुनील लहरी ने फिल्म के प्रोडक्शन स्केल, भव्यता और विजुअल्स की काफी सराहना की। उन्होंने स्वीकार किया कि तकनीक और सिनेमाई स्केल के मामले में फिल्म वर्ल्ड-क्लास है। वीडियो में सुनील लहरी ने कहा: बहुत बड़े बजट की बहुत ही भव्य पिक्चर है। VFX जो है, वर्ल्ड-क्लास है। फिल्म के चित्रण बहुत ही सुंदर हैं। आंखों को बहुत अच्छा लगता है। इस फिल्म में सभी कलाकारों ने जो भी उन्हें रोल्स दिए गए, बहुत अच्छे से निभाए हैं। बहुत ही दिल से निभाए हैं। फिल्म के कुछ सीन्स जो हैं, वह आउटस्टैंडिंग (उत्कृष्ट) हैं।”
गायब सीन्स और कमजोर डायलॉग्स पर उठाए सवाल
Sunil Lahri Ramayana Review: जानिए पूरी खबर
तारीफों के साथ-साथ सुनील लहरी ने फिल्म की पटकथा और संवादों में कई बड़ी कमियां गिनाईं, परशुराम प्रसंग कमजोर, अहल्या प्रसंग गायब: सुनील लहरी ने कहा, “मेरे विचार से फिल्म में कुछ सीन्स के ऊपर, जो खासकर इमोशनल सीन्स हैं, उन पर और डायलॉग्स पर ध्यान ही नहीं दिया गया। कुछ सीन्स हैं ही नहीं। जैसे कि परशुराम वाला सीन है, मुझे कमजोर लगा। अहल्या वाला सीन तो फिल्म में है ही नहीं।”
संबोधन का तरीका गलत लगा: उन्होंने शूर्पणखा और सीता माता के संवादों पर आपत्ति जताते हुए कहा, “शूर्पणखा का जो राम जी से वार्तालाप है, उसमें जिस हिसाब से शूर्पणखा राम जी को संबोधित करती है, वह भी अच्छा नहीं लगा। सीता जी का राम जी को संबोधित करना, वह भी ठीक नहीं लगा।”
शक्ति-प्रधान ज्यादा है, भक्ति-प्रधान कम है”
फिल्म का सार बयां करते हुए सुनील लहरी ने कहा कि नई ‘रामायण’ में पौराणिक गाथाओं के लिए सबसे जरूरी तत्व यानी ‘दिव्यता और भक्ति’ का अभाव महसूस होता है। उन्होंने निष्कर्ष निकालते हुए कहा ऐसे कई और सीन्स हैं जो कमजोर हैं, जिनमें भक्ति भाव व दिव्यता कम लगती है। यह फिल्म मेरे विचार से शक्ति-प्रधान ज्यादा है, भक्ति-प्रधान कम है। हालांकि, आप लोग भी इसे देखिए और अपने विचार साझा कीजिए।”
संगीत पर पहले भी जताई थी असहमति
यह पहला मौका नहीं है जब सुनील लहरी ने नई ‘रामायण’ पर अपने विचार व्यक्त किए हों। फिल्म रिलीज होने से पहले भी उन्होंने इसके म्यूजिक पर सवाल उठाते हुए कहा था कि इसमें अयोध्या और मिथिला की सांस्कृतिक और क्षेत्रीय खुशबू थोड़ी और होनी चाहिए थी। हालांकि, उस वक्त भी उन्होंने निर्देशक नितेश तिवारी और पूरी स्टारकास्ट को अपनी शुभकामनाएं दी थीं।

