Sukesh Chandrashekhar Netflix Notice : ठगी और जबरन वसूली के आरोपों का सामना कर रहे सुकेश चंद्रशेखर (Sukesh Chandrashekhar) ने अपने जीवन और कथित धोखाधड़ी के मामलों पर आधारित आगामी डॉक्यूमेंट्री ‘लव, स्कैम और धोखा: द सुकेश चंद्रशेखर स्टोरी’ (Love, Scam Aur Dhokha: The Sukesh Chandrashekhar Story) को लेकर ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स (Netflix) और इसके निर्माताओं को कानूनी नोटिस भेजा है। सुकेश का आरोप है कि यह डॉक्यूमेंट्री एकतरफा कहानी पेश करती है और जब तक संबंधित आपराधिक मुकदमों में अभियोजन पक्ष की गवाही पूरी नहीं हो जाती, तब तक इसकी रिलीज को टाला जाना चाहिए। यह डॉक्यूमेंट्री 18 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने वाली है।
72 घंटे का अल्टीमेटम: रिलीज टालने, प्री-स्क्रीनिंग और ‘कॉनमैन’ शब्द हटाने की मांग
सुकेश चंद्रशेखर के वकीलों की फर्म अनंतम लीगल (Anantam Legal) की ओर से अधिवक्ता अनंत मलिक (Advocate Anant Malik) ने यह नोटिस जारी किया है, जिसमें निर्माताओं और नेटफ्लिक्स को जवाब देने के लिए 72 घंटे का समय दिया गया है। नोटिस में कहा गया है कि डॉक्यूमेंट्री में जिन आरोपों का जिक्र है, वे अदालत में विचाराधीन हैं—खासकर कथित 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली और तिहाड़ जेल के भीतर की कथित घटनाओं से जुड़ा मामला राउज एवेन्यू कोर्ट स्थित विशेष अदालत (MCOCA) में चल रहा है, जिसमें गवाही दर्ज हो रही है और अगली सुनवाई 30 नवंबर को तय है।
नोटिस में यह भी दावा किया गया है कि मेकर्स ने सुकेश से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क तक नहीं किया और इसे ‘पब्लिक ट्रायल’ करार दिया गया है। वकीलों का कहना है कि एक मामले को छोड़कर (जिसके खिलाफ अपील दायर है) सुकेश किसी भी मामले में दोषी करार नहीं दिए गए हैं।
इसके जरिए रिलीज टालने के साथ-साथ सुकेश के लिए डॉक्यूमेंट्री की प्री-स्क्रीनिंग, गवाही पूरी होने तक फिल्म व ट्रेलर न रिलीज करने की लिखित पुष्टि और प्रचार सामग्री से उन्हें ‘कॉनमैन’ बताने वाले शब्द हटाने की मांग की गई है। फिलहाल नेटफ्लिक्स और निर्माताओं की ओर से इस नोटिस पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
दो साल के शोध से बनी डॉक्यूमेंट्री, 18 दिसंबर को आएगी
गुरुवार को नेटफ्लिक्स ने इस डॉक्यूमेंट्री की घोषणा करते हुए बताया था कि यह धोखाधड़ी के एक बड़े नेटवर्क को चलाने के आरोपी शख्स की कहानी में गहराई से उतरती है। इसे ‘करी एंड सयानाइड: द जॉली जोसेफ केस’ और ‘द इंद्राणी मुखर्जी स्टोरी: बरीड ट्रुथ’ के निर्माताओं द्वारा तैयार किया गया है।
नेटफ्लिक्स के प्रेस नोट के मुताबिक, दो साल की रिसर्च पर आधारित इस फिल्म में सुकेश की शुरुआती पृष्ठभूमि और तिहाड़ जेल के अंदर से भी बड़े पैमाने पर कथित तौर पर काम करने के तरीकों को खंगाला गया है। इसका निर्देशन मौमिता सेन (Moumita Sen) और नियंता शेखर (Niyantha Shekar) ने किया है, जबकि चांदनी अहलावत डाबास (Chandni Ahlawat Dabas) इसकी एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं।
क्या है सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा 200 करोड़ का मामला?
सुकेश चंद्रशेखर पर 2020–21 के दौरान दिल्ली की रोहिणी जेल में रहते हुए वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों का रूप धारण कर पूर्व रैनबैक्सी प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह से जेल से पति को बाहर निकलवाने के नाम पर कथित तौर पर करीब 200 करोड़ रुपये वसूलने का आरोप है। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने इस मामले की जांच कर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MCOCA) के तहत आरोपपत्र दाखिल किया था, और इस मामले में उन्हें 8 साल की सजा सुनाई गई थी, जिसके खिलाफ उन्होंने अपील कर रखी है।

