Sreejith Ravi POCSO Case : मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के अभिनेता श्रीजीत रवि (Sreejith Ravi) को साल 2022 के पॉक्सो (POCSO) मामले में अदालत ने दोषी करार देते हुए एक साल की जेल की सजा सुनाई है। इसके साथ ही कोर्ट ने उन पर 50,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। त्रिशूर फास्ट ट्रैक कोर्ट ने यह फैसला सुनाया, हालांकि एक्टर की ओर से केरल हाईकोर्ट में अपील करने की मंशा जताने के बाद सजा पर एक महीने के लिए रोक लगा दी गई है।
4 जुलाई 2022 की घटना से जुड़ा है पूरा मामला
यह मामला 4 जुलाई 2022 का बताया जाता है। आरोप है कि उस दिन कुछ नाबालिग बच्चे स्कूल से लौटकर अपने अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स जा रहे थे, तभी श्रीजीत रवि ने कथित तौर पर बच्चों के सामने अश्लील हरकत करते हुए अपना प्राइवेट पार्ट दिखाया और उन्हें धमकाया भी। इस घटना के बाद दर्ज शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू हुई थी।
किन धाराओं में दोषी ठहराया गया और क्या मिली राहत?
त्रिशूर फास्ट ट्रैक कोर्ट ने सुनवाई के बाद श्रीजीत रवि को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 509 और पॉक्सो एक्ट की धारा 11(i) के तहत दोषी माना। अदालत ने उन्हें एक साल कारावास और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई, जबकि जुर्माना न भरने की स्थिति में एक महीने की अतिरिक्त जेल का प्रावधान भी रखा गया है। केरल हाईकोर्ट में अपील दायर करने के लिए कोर्ट ने सजा को एक महीने के लिए स्थगित करते हुए उन्हें 50,000 रुपये के बॉन्ड और दो जमानतदारों पर जमानत दी है तथा 23 दिसंबर 2026 को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया है।
डिस्चार्ज याचिका खारिज होने के बाद 21 गवाहों की हुई गवाही
मुकदमे की प्रक्रिया के दौरान साल 2022 में श्रीजीत रवि ने ट्रायल कोर्ट में डिस्चार्ज याचिका दाखिल कर केस खत्म करने की अपील की थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया था। इसके बाद उन्होंने केरल हाईकोर्ट का रुख किया, जहां शुरुआती सुनवाई के बाद उनकी याचिका खारिज हो गई और ट्रायल कोर्ट में मुकदमा आगे बढ़ा। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से कुल 21 गवाहों के बयान दर्ज किए गए, जिनके आधार पर अदालत ने यह फैसला सुनाया।
कौन हैं श्रीजीत रवि?
50 वर्षीय श्रीजीत रवि मलयालम सिनेमा के जाने-माने अभिनेता हैं और दिग्गज अभिनेता टीजी रवि (T. G. Ravi) के बेटे हैं। उन्होंने मलयालम की कई फिल्मों में काम करने के अलावा साल 2005 से तमिल फिल्मों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।

