Shah Rukh Khan On King : बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) इस दिसंबर अपनी बहुप्रतीक्षित एक्शन फिल्म ‘किंग’ (King) के साथ बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी करने के लिए तैयार हैं। हाल ही में मेटा के ‘हाउस ऑफ इंस्टाग्राम 2026’ (House of Instagram 2026) इवेंट में शिरकत करते हुए शाहरुख खान ने फिल्म को लेकर जमकर उत्साह साझा किया।
उन्होंने ‘किंग’ को पूरे परिवार के साथ देखने लायक एक संपूर्ण कमर्शियल एंटरटेनर बताया, जिसमें भरपूर ड्रामा, धमाकेदार एक्शन और सितारों की एक बड़ी फौज नजर आएगी। साथ ही उन्होंने उन आलोचकों को भी अपने खास अंदाज में जवाब दिया जो उनसे केवल गंभीर या विचारोत्तेजक सिनेमा बनाने की उम्मीद रखते हैं।
“इतने सारे सितारे हैं कि नाम नहीं ले रहा, कमर्शियल फिल्म है तो लॉजिक बाहर जाएगा”
इवेंट के दौरान ‘किंग’ के बारे में बात करते हुए शाहरुख खान ने मजाकिया लहजे में कहा कि यह एक ऐसी फिल्म है जिसका आनंद पूरा परिवार थिएटर में बैठकर ले सकता है, क्योंकि इसमें ढेर सारा ड्रामा और जबरदस्त एक्शन है। फिल्म की स्टारकास्ट की ओर इशारा करते हुए उन्होंने चुटकी ली, “इस फिल्म में बहुत सारे सितारे हैं। अगर मैं गिनना शुरू कर दूं, तो ओवरकंजम्पशन (जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल) के लिए हमें बैन कर दिया जाएगा। वे इतने ज्यादा हैं कि मैं किसी का नाम नहीं ले रहा हूं। यह एक कमर्शियल फिल्म है, इसलिए लॉजिक खिड़की से बाहर जाएगा, लेकिन यह ठीक है।”
गंभीर सिनेमा की सलाह देने वालों को शाहरुख का बेबाक जवाब
शाहरुख खान ने उन लोगों की टिप्पणियों पर भी प्रतिक्रिया दी जो उन्हें मसाला और कमर्शियल फिल्मों से दूर रहने की सलाह देते हैं। उन्होंने कहा, “फिर भी कुछ ‘वोक’ (अति-जागरूक) लोग होंगे जो कहेंगे कि उन्हें कोई गंभीर फिल्म बनानी चाहिए थी, वे सोचने पर मजबूर करने वाली फिल्म नहीं बना रहे हैं। यह भी ठीक है, मैं वह भी करूंगा। लेकिन ‘किंग’ मेरे लिए बेहद खास है और ईश्वर ने चाहा तो रिलीज होने पर आप सभी को भी यह जरूर पसंद आएगी।”
61 की उम्र में बेटी सुहाना के पिता बनने की बताई प्यारी वजह
साल 2023 की फिल्म ‘डंकी’ के बाद बड़े पर्दे पर लौट रहे शाहरुख खान ने इस फिल्म में अपनी बेटी सुहाना खान (Suhana Khan) के साथ काम करने के पीछे एक बेहद भावुक और प्यारी वजह भी साझा की। अपने किरदार के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, “मैं अब 61 साल का हो गया हूं और मुझे लगा कि मुझे अपनी उम्र के हिसाब से किरदार निभाना चाहिए। मैं फिल्म में सुहाना के पिता का रोल कर रहा हूं ताकि फिल्म देखने के बाद लड़कियों को लगे कि ‘मेरे डैड ऐसे होने चाहिए’।”
दमदार स्टारकास्ट, चार्टबस्टर गाने और क्रिसमस पर रिलीज
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी और गौरी खान के रेड चिलीज एंटरटेनमेंट तथा सिद्धार्थ व ममता आनंद के मार्फ्लिक्स पिक्चर्स द्वारा सह-निर्मित फिल्म ‘किंग’ आगामी 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में शाहरुख और सुहाना के अलावा दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone), अभिषेक बच्चन (Abhishek Bachchan), जैकी श्रॉफ (Jackie Shroff), अरशद वारसी (Arshad Warsi), रानी मुखर्जी (Rani Mukerji) और राघव जुयाल (Raghav Juyal) जैसे कई चर्चित कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं।
फिल्म का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ (Tu Mil Jaaye) पहले ही रिलीज हो चुका है, जिसमें शाहरुख और दीपिका की जोड़ी के साथ अरिजीत सिंह, एड शीरन और मधुबंती की आवाज तथा सचिन-जिगर का संगीत है, जिसके बाद मेकर्स ने शाहरुख और करीना कपूर पर फिल्माया गया गाना ‘डैडी कूल’ (Daddy Cool) भी जारी किया है।

