Govinda Sunita Ahuja divorce : बॉलीवुड के ‘हीरो नंबर 1’ यानी सुपरस्टार गोविंदा (Govinda) और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा (Sunita Ahuja) के बीच चल रही अनबन और तलाक की अफवाहों ने पिछले कुछ समय से काफी सुर्खियां बटोरी हैं। अब इस पूरे विवाद और लीगल स्टेटस को लेकर गोविंदा ने खुद अपनी चुप्पी तोड़ी है। एक हालिया इंटरव्यू में अभिनेता ने साफ किया कि उनकी पत्नी ने अपनी तलाक की अर्जी (Divorce Plea) वापस ले ली है। गोविंदा ने कहा कि सुनीता उनका पहला प्यार हैं और उनके समुदाय में ‘तलाक’ नाम का कोई शब्द अस्तित्व में ही नहीं है। आइए जानते हैं गोविंदा ने इस पूरे मामले पर क्या-क्या खुलासे किए हैं।
‘सुनीता ने वापस ली तलाक की अर्जी,
ABP न्यूज़ के साथ बातचीत के दौरान जब गोविंदा से उनकी शादी के कानूनी स्टेटस और तलाक की खबरों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बहुत ही स्पष्टता के साथ जवाब दिया। गोविंदा ने कहा: “उन्होंने अपनी तलाक की अर्जी वापस ले ली है। उन्हें ऐसा करना ही था। हम हिंदू हैं और हमारे समुदाय में ‘तलाक’ जैसा कोई शब्द ही नहीं होता। तलाक नाम के शब्द का कोई वजूद ही नहीं है, इसलिए इसका सवाल ही पैदा नहीं होता।”
अभिनेता ने आगे कहा कि सुनीता जो कुछ भी कर रही हैं, वह बच्चों की भलाई के लिए ही कर रही हैं। उन्होंने कहा, “सुनीता मेरा पहला प्यार हैं। जब मेरी माँ का निधन हुआ था, तब सुनीता ने मुझसे कुछ आजादी (Freedom) मांगी थी, जिसे मैंने सहर्ष स्वीकार कर लिया था। वह अपनी जिंदगी जिस तरह जीना चाहती हैं, जी रही हैं। मेरे घर के दरवाजे सुनीता के लिए हमेशा खुले हैं और मैं उन्हें अपना ही एक हिस्सा मानता हूँ।”
‘किसी के बहकावे में हैं सुनीता, मैं उनके जाल में नहीं फसूंगा’
गोविंदा ने इस बात की ओर भी इशारा किया कि उनके और सुनीता के बीच का यह पारिवारिक विवाद किसी बाहरी व्यक्ति के प्रभाव या बहकावे का नतीजा है। उन्होंने कहा:”मैं उनकी बातों और बयानों से तब तक बचता रहूँगा जब तक कि उन्हें प्रभावित करने वाले लोग खुद थक न जाएं।
तब उन्हें अहसास होगा कि उन्होंने गोविंदा से पंगा लिया है। कड़वाहट से कभी मिठास नहीं आ सकती। जब यह दौर बीत जाएगा, तो लोग कहेंगे कि मैंने गरिमा और सम्मान के साथ व्यवहार किया। मैं उनके जाल (Trap) में नहीं फँसने वाला।”
बांद्रा फैमिली कोर्ट और मैनेजर का स्पष्टीकरण
आपको बता दें कि अगस्त के महीने में सुनीता आहूजा को बांद्रा फैमिली कोर्ट (Bandra Family Court) पहुंचते हुए देखा गया था, जिसके बाद से दोनों के तलाक की खबरों ने जोर पकड़ लिया था। हालांकि, बाद में गोविंदा के मैनेजर ने स्थिति साफ करते हुए पुष्टि की थी कि याचिका वापस ले ली गई है।
गोविंदा ने इस बात पर दुख भी जताया था कि उनका पारिवारिक मामला जनता के सामने तमाशा बना। उन्होंने कहा कि जो बातें आपस में बैठकर सुलझाई जा सकती थीं, उनके लिए कोर्ट जाने और फिर याचिका वापस लेने की जरूरत नहीं थी। फिलहाल गोविंदा के इस बयान ने उनके और सुनीता के तलाक की अटकलों पर विराम लगा दिया है।

