Diljit Dosanjh Indore Concert Controversy : मशहूर पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) का बहुचर्चित ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ (AURA India Tour 2026) रविवार, 15 नवंबर को मध्य प्रदेश के इंदौर शहर पहुंचा। हालांकि, कॉन्सर्ट से पहले लगे प्रतिबंधों, बम की धमकियों और चार गानों को न गाने के निर्देश से दिलजीत काफी नाराज नजर आए। मंच पर परफॉर्म करते हुए दिलजीत ने न केवल इन रोक-टोक पर खुलकर अपनी भड़ास निकाली, बल्कि इंदौर की ही धरती से ताल्लुक रखने वाले दिवंगत शायर राहत इंदौरी (Rahat Indori) का मशहूर शेर सुनाकर विरोधियों को करारा जवाब भी दिया।
मंच से भड़के दिलजीत सुनाई राहत इंदौरी की मशहूर शायरी
कॉन्सर्ट के दौरान चार गानों को गाने से रोके जाने के निर्देश पर दिलजीत साफ तौर पर नाखुश दिखे। उन्होंने दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा— “ये नहीं गाना, वो नहीं गाना, ये नहीं कर सकते, वो नहीं कर सकते…” इसके तुरंत बाद उन्होंने राहत इंदौरी की उन ऐतिहासिक पंक्तियों को दोहराया, जिस पर पूरा स्टेडियम झूम उठा:
“हमारे मुंह से जो निकले वही सदाक़त है, हमारे मुंह में तुम्हारी जुबान थोड़ी है। अगर खिलाफ हैं तो होने दो, जान थोड़ी है, ये सब धुआं है, कोई आसमान थोड़ी है। मैं जानता हूं कि दुश्मन भी कम नहीं लेकिन, हमारी तरह हथेली पे जान थोड़ी है। सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है।” दिलजीत ने इस खास पल का वीडियो अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी साझा किया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
क्यों विवादों में घिरा दिलजीत का इंदौर कॉन्सर्ट?
इंदौर में दिलजीत के इस शो को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार विवाद और चुनौतियां सामने आ रही थींl इन 4 गानों पर लगा था बैन: 6 नवंबर को इंदौर के जिला बाल संरक्षण अधिकारी (District Child Protection Officer) ने वेन्यू प्रबंधन (C-21 Mall) को निर्देश दिया था कि दिलजीत शो में चार गाने नहीं गाएंगे। इनमें ‘पटियाला पेग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जीभ विचो लब्बिया’ और ‘जट्ट उत्थे फायर करदा जित्थे पाबंदी हथियारा दी’ शामिल थे।
Diljit Dosanjh Indore Concert Controversy: जानिए पूरी खबर
शिकायत की वजह: चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धरेनवर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ये गाने शराब, नशे और हथियारों को बढ़ावा देते हैं। प्रशासन ने इस आदेश में 2019 के पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के एक फैसले का हवाला दिया था।
बम की धमकी वाले ईमेल: पिछले महीने इंदौर के तीन निजी स्कूलों और मेयर पुष्यमित्र भार्गव के दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले थे, जिन्हें इस कॉन्सर्ट से जोड़ा गया था। हालांकि जांच में यह अफवाह (Hoax) निकली और क्राइम ब्रांच मामले की तहकीकात कर रही है।
दिल्ली और बिहार में भी झेलनी पड़ी थीं मुश्किलें
इंदौर से पहले भी दिलजीत के टूर को कई अड़चनों का सामना करना पड़ा हैl दिल्ली कॉन्सर्ट: 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुए शो से पहले दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों से अनुमति रोक दी थी। बाद में करीब 2,000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती और 700 मीटर ‘नो-कार जोन’ जैसे कड़े इंतजामों के बाद शो हो पाया।
बिहार का शो रद्द: हाल ही में एक इंस्टाग्राम लाइव में दिलजीत ने बताया था कि प्रशासन के साथ क्राउड मैनेजमेंट (भीड़ प्रबंधन) की जिम्मेदारी को लेकर सहमति न बन पाने के कारण बिहार में उनका कॉन्सर्ट नहीं हो सका।
अब किन शहरों में गूंजेगी दिलजीत की आवाज?
इंदौर के बाद दिलजीत दोसांझ अपने ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ के तहत देश के अन्य बड़े शहरों में परफॉर्म करने वाले हैं:
- 21 नवंबर: अहमदाबाद
- 27 नवंबर: मुंबई
- 29 नवंबर: बेंगलुरु
- 5 दिसंबर: लखनऊ
- 12 दिसंबर: चंडीगढ़
- 19 दिसंबर: कोलकाता

