Who Is ScoutOP: जब जाने-माने ईस्पोर्ट्स प्लेयर और गेमर तन्मय सिंह (यानी स्काउटओपी) ने 6 सितंबर को ‘बिग बॉस 20’ के घर में कदम रखा, तो उन्होंने शो में एक बिल्कुल अलग दुनिया की एंट्री कराई। फिल्मों या टीवी की दुनिया से दूर, 30 साल के स्काउटओपी ने अपनी पहचान गेमिंग, ईस्पोर्ट्स और डिजिटल कंटेंट के दम पर बनाई है। शो के प्रीमियर पर सलमान खान के सामने अपनी 30 लाख रुपये महीने की कमाई का खुलासा करने के बाद से वह लगातार चर्चा में बने हुए हैं। इसके अलावा घर के अंदर उनके झगड़े और विवाद भी दर्शकों का खूब ध्यान खींच रहे हैं।
कौन हैं स्काउटओपी उर्फ तन्मय सिंह?
तन्मय सिंह का जन्म 30 जुलाई 1996 को गुजरात के वलसाड में हुआ था और उन्हें पूरी दुनिया ‘स्काउटओपी’ (ScoutOP या Sc0ut) के नाम से जानती है। उनके प्रोफेशन की बात करें तो वह एक जाने-माने ईस्पोर्ट्स प्लेयर, लाइव स्ट्रीमर और गेमिंग कंटेंट क्रिएटर हैं। उनके कॉम्पिटिटिव करियर की शुरुआत साल 2018 के आसपास हुई थी, जब भारत में ‘पबजी मोबाइल’ (PUBG Mobile) का क्रेज तेजी से बढ़ रहा था।
पबजी मोबाइल से लेकर बीजीएमआई (BGMI) तक का सफर
स्काउट का नाम भारत में मोबाइल गेमिंग संस्कृति के शुरुआती दौर से ही जुड़ा रहा है। साल 2020 में उन्होंने ‘पबजी मोबाइल वर्ल्ड लीग ईस्ट’ के दौरान ओरेंज रॉक टीम की तरफ से खेलकर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इसी साल उन्हें ‘पबजी मोबाइल वर्ल्ड लीग’ में साउथ एशिया फैन फेवरेट प्लेयर का अवॉर्ड भी मिला था। भारत में पबजी बैन होने के बाद उन्होंने बीजीएमआई (BGMI) के जरिए कॉम्पिटिटिव गेमिंग जारी रखी। इस दौरान वह टीम सोल, टीम एक्सस्पार्क, टीम ज़ीरो और मेडल ईस्पोर्ट्स जैसी टीमों का हिस्सा रहे। उनकी टीम एक्सस्पार्क ने साल 2024 की बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया सीरीज (BMSI) का खिताब भी अपने नाम किया था।
क्या सच में महीने के 30 लाख रुपये कमाते हैं स्काउट?
बिग बॉस 20 के प्रीमियर के दौरान यह सबसे बड़ा ऐसा बयान था जिसने सभी का ध्यान खींचा। जब सलमान खान ने उनसे उनकी कमाई के बारे में पूछा, तो स्काउट ने पहले प्राइवेट में बात की और बाद में सलमान ने वह आंकड़ा 30 लाख रुपये महीना बताया। स्काउट ने इस बात की पुष्टि की कि वह चेक के जरिए यह वैध (White) इनकम कमाते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक बड़े गेमिंग क्रिएटर की कमाई के कई जरिए होते हैं, जिसमें ईस्पोर्ट्स टूर्नामेंट, लाइव स्ट्रीमिंग, स्पॉन्सरशिप, ब्रांड डील्स और डिजिटल कंटेंट शामिल हैं।
बिग बॉस 20 में क्यों ट्रेंड कर रहे हैं स्काउटओपी?
बिग बॉस के घर के अंदर आते ही उनका सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है और वह कई विवादों में घिर चुके हैंl सबसे पहले, कैप्टेंसी टास्क के बाद उनकी टीम और घर के दूसरे कंटेस्टेंट ‘गुलु’ (कुशल तंवर) के बीच सोशल मीडिया पर बयानबाजी देखने को मिली, जिसमें विक्टिम कार्ड खेलने के आरोप लगे। इसके अलावा, नॉमिनेशन के नियमों का उल्लंघन करने पर उन्हें और कुछ अन्य सदस्यों को नॉमिनेट कर दिया गया, जिस पर घर में काफी बहस भी हुई।
सबसे बड़ा विवाद 15 सितंबर को सामने आया, जब टास्क के दौरान उनकी और अरशिफा खान के बीच तीखी बहस हो गई। स्काउट के कुछ बयानों और शब्दों को लेकर सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई। हालांकि, कई फैंस उनके समर्थन में भी उतरे और उनका कहना था कि टास्क के दौरान शुरुआत में धक्का-मुक्की दूसरे पक्ष से हुई थी। कुल मिलाकर, मोबाइल गेमिंग से अपने करियर की शुरुआत करने वाले स्काउटओपी का सफर ईस्पोर्ट्स, स्ट्रीमिंग और टीम ओनरशिप से होता हुआ अब सलमान खान के इस पॉपुलर रियलिटी शो तक पहुंच चुका है, जहां उनका हर एक कदम दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।







