Diljit Dosanjh Mumbai Concert : मशहूर पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) का मुंबई कॉन्सर्ट संगीत, मस्ती और सितारों की मौजूदगी से गुलजार रहा। बम से उड़ाने की धमकियों के बाद लागू किए गए कड़े सुरक्षा घेरे के बीच मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में हजारों प्रशंसक अपने चहेते कलाकार को सुनने पहुंचे। इस यादगार शाम में दिलजीत ने न सिर्फ दर्शकों की भीड़ में मौजूद अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा (Sanya Malhotra) को स्टेज पर बुलाकर अपने हिट गाने पर डांस किया, बल्कि भीड़ के बीच दोस्तों संग झूमती नजर आईं करिश्मा कपूर (Karisma Kapoor) ने भी सबका ध्यान खींचा।
सान्या मल्होत्रा संग ‘चार्मर’ पर थिरके दिलजीत, शेयर किया खास वीडियो
कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत दोसांझ ने फैंस को तब एक खास सरप्राइज दिया, जब उनकी नजर दर्शकों में खड़ी सान्या मल्होत्रा पर पड़ी। दिलजीत ने प्यार से हाथ बढ़ाकर उन्हें मंच पर आने का न्योता दिया, जिस पर सान्या भी मुस्कुराते हुए और हैरानी भरी खुशी के साथ स्टेज पर पहुंच गईं। इसके बाद दिलजीत ने अपना गाना ‘चार्मर’ (Charmer) गाया और सान्या के साथ मंच पर जमकर डांस किया।
बाद में दिलजीत ने इस खूबसूरत पल का वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए लिखा कि मुंबई में सान्या जी के साथ क्या चार्म है। गौरतलब है कि ‘चार्मर’ गाना दिलजीत के एल्बम ‘औरा’ (Aura) का हिस्सा है, जिसे राज रंजोध ने लिखा और कंपोज किया है तथा एवी सरा ने म्यूजिक दिया है।
यश कदम की कोरियोग्राफी में सान्या और दिलजीत की केमिस्ट्री पहले ही सोशल मीडिया पर खूब पसंद की जा चुकी है। वहीं दूसरी तरफ, इस कॉन्सर्ट में अभिनेत्री करिश्मा कपूर भी अपने दोस्तों के साथ आम दर्शकों की भीड़ के बीच खड़ी होकर दिलजीत के गानों पर झूमती और अपने फोन से परफॉर्मेंस रिकॉर्ड करती दिखाई दीं।
“तुम चाहे बम फेंको, मेरी तरफ से प्यार है”— धमकियों पर दिलजीत का बेबाक अंदाज
कॉन्सर्ट की शुरुआत जोश भरे अंदाज में “आमची मुंबई” कहकर करने वाले दिलजीत दोसांझ ने मंच से अपने शो को मिली बम की धमकियों पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग दिलजीत को बम से उड़ाना चाहते हैं और उनका मकसद लोगों को डराना है ताकि कोई शो में न आए।
शायराना अंदाज में दिलजीत ने कहा कि शहरों में बारूद का मौसम है और गांवों में अमरूद का मौसम है, लेकिन उनकी तरफ से सिर्फ प्यार है—चाहे कोई बम ही क्यों न फेंके। उन्होंने दर्शकों से यह भी कहा कि भले ही किसी को उनके गाने के बोल समझ न आएं, लेकिन उनमें मिट्टी की खुशबू जरूर महसूस होगी।
500 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी और बीडीडीएस की निगरानी में हुआ कॉन्सर्ट
बम की धमकी को देखते हुए मुंबई पुलिस ने महालक्ष्मी रेसकोर्स और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के बेहद पुख्ता इंतजाम किए थे, जिसके लिए दिलजीत ने सोशल मीडिया पर मुंबई पुलिस का आभार भी जताया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर 500 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी, जिनमें करीब 200 पुरुष कॉन्स्टेबल, 150 महिला कॉन्स्टेबल और 75 पुलिस अधिकारी शामिल थे।
सिंगर की नजदीकी सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहे। पहले जहां तीन गेटों पर जांच की योजना थी, वहीं खतरे को देखते हुए सभी पांचों गेटों पर सख्त चेकिंग की गई। कार्यक्रम से पहले बम निरोधक दस्ते (BDDS) ने पूरे परिसर की जांच की और मौके पर श्वान दस्ता, एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) की टीम तथा प्राइवेट गार्ड्स भी मौजूद रहे, जबकि रेसकोर्स के 500 से 700 मीटर के दायरे में वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई थी।

