Sidhu Moose Wala Phantom Controversy : दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Moose Wala) के निधन के बाद भी उनके गानों को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब मूसेवाला के माता-पिता बलकौर सिंह (Balkaur Singh) और चरण कौर (Charan Kaur) ने मशहूर म्यूजिक लेबल ‘सागा म्यूजिक’ (Saga Music) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कड़ी नाराजगी जताई है। परिवार का कहना है कि कंपनी ने उनकी सहमति और बिना किसी कानूनी अनुमति के सिद्धू मूसेवाला का गाना ‘फैंटम’ (Phantom) रिलीज कर दिया है। इस मनमानी के खिलाफ अब मूसेवाला परिवार ने कानूनी कार्रवाई करने का फैसला लिया है।
बार-बार रोकने के बावजूद रिलीज कर दिया गया गाना
सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इस पूरे मामले पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि उन्होंने सागा म्यूजिक से इस गाने की रिलीज को रोकने और आपस में बैठकर मामला सुलझाने की गुजारिश की थी, लेकिन लेबल ने उनकी बात को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया।
परिवार की तरफ से जारी बयान में कहा गया है, सिद्धू मूसेवाला का गाना ‘फैंटम’ सागा म्यूजिक द्वारा हमारी अनुमति और अधिकार के बिना रिलीज किया जा रहा है। रिलीज को रोकने और समाधान पर चर्चा करने के हमारे अनुरोध के बावजूद, सागा म्यूजिक ने हमारी ओर से किसी भी वैध दस्तावेज (Valid Documentation) के बिना ही इसे आगे बढ़ाया है। हम सिद्धू मूसेवाला की विरासत और अधिकारों की रक्षा के लिए उचित कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।”
अन्य कलाकारों और म्यूजिक कंपनियों को भी दी सख्त हिदायत
इस घटना से आहत बलकौर सिंह और चरण कौर ने सिर्फ सागा म्यूजिक ही नहीं, बल्कि पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री के अन्य कलाकारों और कंपनियों को भी एक कड़ा संदेश दिया है। सीधे परिवार से करें संपर्क परिवार ने उन सभी लोगों से अपील की है जो सिद्धू मूसेवाला के गानों के अधिकार या दस्तावेज होने का दावा करते हैं कि वे कोई भी सार्वजनिक घोषणा करने या गाना रिलीज करने से पहले परिवार से सलाह जरूर लें।
विरासत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: उन्होंने स्पष्ट किया कि दिवंगत गायक के संगीत से जुड़ा कोई भी मामला सीधे उनके माता-पिता के सामने ही उठाया जाना चाहिए, ताकि उनके बेटे की मेहनत और विरासत का गलत इस्तेमाल न हो सके।
बता दें कि सिद्धू मूसेवाला के निधन के बाद से उनके कई अनरिलीज्ड गाने सामने आ चुके हैं, जिन्हें लाखों-करोड़ों व्यूज मिले हैं, लेकिन बिना इजाजत गानों के इस्तेमाल ने एक बार फिर म्यूजिक राइट्स को लेकर बड़ी बहस छेड़ दी है।

