HomeEntertainment Newsसाई पल्लवी को सीता के रोल में तनीषा मुखर्जी ने बताया 'मिसकास्ट',...

साई पल्लवी को सीता के रोल में तनीषा मुखर्जी ने बताया ‘मिसकास्ट’, रणबीर और यश की तारीफ

Tanishaa Mukerji On Ramayana : नितेश तिवारी (Nitesh Tiwari) के निर्देशन में बनी भव्य फिल्म ‘रामायण’ (Ramayana) बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक कमाई कर रही है, लेकिन इसकी कास्टिंग को लेकर चर्चाएं अभी भी थमी नहीं हैं। अब अभिनेत्री काजोल की बहन और एक्ट्रेस तनीषा मुखर्जी (Tanishaa Mukerji) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर फिल्म देखने के बाद अपनी बेबाक राय रखी है।

तनीषा ने एक तरफ जहां भगवान राम के किरदार में रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) और रावण के रूप में यश (Yash) के अभिनय की जमकर तारीफ की है, वहीं दूसरी तरफ सीता बनीं साई पल्लवी (Sai Pallavi) को इस किरदार के लिए पूरी तरह ‘मिसकास्ट’ करार दिया है।

“मीडिया बहुत भ्रामक है, रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में परफेक्ट हैंl

तनीषा मुखर्जी ने अपने X पोस्ट की शुरुआत करते हुए लिखा कि वे ‘रामायण’ थोड़ी देरी से देख रही हैं, लेकिन आखिरकार उन्होंने फिल्म देख ली है। मीडिया रिपोर्ट्स पर निशाना साधते हुए तनीषा ने कहा कि मीडिया बहुत भ्रामक है, क्योंकि पूरी फिल्म भगवान राम पर ही केंद्रित है। रणबीर कपूर की तारीफ करते हुए उन्होंने लिखा, “रणबीर कपूर लाजवाब हैं। मुझे लगा था कि ‘एनिमल’ में उन्हें पसंद करने के बाद शायद मैं उन्हें भगवान राम के रूप में जोड़ न पाऊं, लेकिन हे भगवान! वे एकदम परफेक्ट हैं!”

Advertise HereReach Bollywood, Bigg Boss & TV fans · 728×90~70.1K impressions/mo~245 clicks/moAdvertise Now →

साई पल्लवी पर उठाए सवाल, रावण बने यश को बताया ‘सुपर्ब’

फिल्म की कहानी, विजुअल्स और एक्टिंग को शानदार बताते हुए तनीषा ने साई पल्लवी की कास्टिंग पर निराशा जताई। उन्होंने लिखा, “साथ ही, मुझे यकीन है कि साई पल्लवी एक बेहतरीन अभिनेत्री हैं, लेकिन दुर्भाग्य से मेरे लिए वे सीता के रूप में पूरी तरह मिसकास्ट हैं! वे मुझे विजुअल्स से पूरी तरह डिस्कनेक्ट कर देती हैं!”

वहीं, रावण के किरदार में साउथ सुपरस्टार यश की तारीफ करते हुए तनीषा ने कहा कि यश रावण के रूप में बेहद शानदार हैं और उन्होंने सभी उम्मीदों को पार करते हुए साबित कर दिया कि वे अपने किरदार को पूर्णता के साथ निभाते हैं। तनीषा के मुताबिक, भगवान राम और रावण दोनों ही किरदार ऐसे अभिनेताओं ने निभाए हैं जिन्होंने अपनी भूमिकाओं को बखूबी आत्मसात किया है, और रावण, राम के सामने एक दमदार टक्कर के रूप में नजर आते हैं। अंत में उन्होंने इस फिल्म को ‘मस्ट वॉच’ (जरूर देखने लायक) बताया।

पहले भी कास्टिंग को लेकर उठते रहे हैं सवाल

गौरतलब है कि फिल्म के टीजर रिलीज से लेकर इस महीने की शुरुआत में हुई भव्य रिलीज तक, राम और सीता के रूप में रणबीर और साई पल्लवी की कास्टिंग पर सोशल मीडिया पर लगातार बहस चलती रही है। इससे पहले दिग्गज अभिनेता मुकेश खन्ना ने भी फिल्म में सीता के योद्धा अवतार पर सवाल उठाए थे, लेकिन संभवतः यह पहली बार है जब किसी सेलिब्रिटी ने सार्वजनिक रूप से साई पल्लवी को ‘मिसकास्ट’ कहा है।

हालांकि, मिली-जुली प्रतिक्रियाओं के बावजूद ‘रामायण’ टिकट खिड़की पर रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन कर रही है। 20 दिनों के बाद फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन 972.95 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 1,162.15 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, सैकनिल्क (Sacnilk) के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1,735.15 करोड़ रुपये हो चुका है और अब इसे 2024 की ब्लॉकबस्टर ‘पुष्पा 2’ (1,742 करोड़ रुपये) को पीछे छोड़ने के लिए महज 7 करोड़ रुपये की जरूरत है। इसके बाद सर्वकालिक सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में इसके आगे केवल ‘दंगल’ और ‘धुरंधर 2’ ही रह जाएंगे।

Richa Mishra Tiwari
Richa Mishra Tiwari
रिचा मिश्रा तिवारी Film Window की हिंदी एंटरटेनमेंट कवरेज का प्रमुख नाम हैं। बॉलीवुड की ताज़ा खबरें, बॉक्स ऑफिस कलेक्शन, सोशल मीडिया पर फिल्मों का रिएक्शन, बिग बॉस और सितारों से जुड़े कानूनी मामले, सब कुछ सरल और साफ़ हिंदी में। Richa Mishra Tiwari writes Film Window's Hindi coverage of Bollywood, box office and celebrity news.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments