Vijay and Rashmika on KWK S9 : चटपटे खुलासों और मजेदार बातचीत के लिए मशहूर चैट शो ‘कॉफ़ी विद करण सीजन 9’ (Koffee With Karan Season 9) का नया प्रोमो सामने आ चुका है, और इस बार का एपिसोड बेहद खास है। शो में पहली बार बतौर पति-पत्नी पहुंचे लोकप्रिय कलाकार विजय देवरकोंडा (Vijay Deverakonda) और रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) ने अपनी शादी और पर्सनल लाइफ को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा की हैं। आइए जानते हैं कि इस एपिसोड में क्या-क्या खास देखने को मिला।
जब रश्मिका ने एक साल तक पूछी शादी की बात
शो के दौरान होस्ट करण जौहर ने कपल से पूछा कि क्या उनमें से किसी ने एक-दूसरे को प्रपोज किया था? इस पर रश्मिका ने सिर हिलाकर मना किया, जिसके बाद विजय देवरकोंडा ने मजेदार अंदाज में खुलासा किया कि असल में शादी की बात किसने शुरू की थी।विजय ने हंसते हुए बताया, “उसने मुझसे कहा, ‘चलो शादी कर लेते हैं।’ मैंने कहा, ‘ठीक है, तुमने मुझसे सौ बार पूछा है।'”
जब करण ने हैरानी से रश्मिका से पूछा कि क्या उन्होंने वाकई सौ बार शादी की बात उठाई थी, तो अभिनेत्री ने सफाई देते हुए कहा, “मैंने उनसे पूरे एक साल तक शादी के लिए पूछा था।” इसके बाद मजाकिया अंदाज में विजय ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, “मैं कोई ऐसा-वैसा इंसान नहीं हूँ।”
रैपिड-फायर राउंड और मजेदार नोकझोक
शो के रैपिड-फायर राउंड में करण ने रश्मिका के सामने एक मजेदार सवाल रखा और उनसे उनके ‘पुष्पा’ को-स्टार अल्लू अर्जुन और ‘एनिमल’ को-स्टार रणबीर कपूर में से किसी एक को चुनने को कहा। इस पर रश्मिका ने अल्लू अर्जुन का नाम चुना।
इसके बाद करण ने विजय से पूछा कि रश्मिका के अलावा उनकी सबसे अच्छी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री किसके साथ बैठती है? इससे पहले कि विजय कुछ बोल पाते, रश्मिका ने बीच में ही रोकते हुए कहा, “कोई नहीं।” इस पर चुटकी लेते हुए विजय ने मैरिड लाइफ का एक मजेदार नियम बताया और कहा, “शादी का नियम नंबर 101: हमेशा पत्नी की बात से सहमत रहो,” जिसे सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े।
शादी और फिल्मी सफर की खास बातें
आपको बता दें कि यह एपिसोड रश्मिका मंदाना का ‘कॉफ़ी विद करण’ पर पहला अपीयरेंस है। वहीं, विजय इससे पहले सीजन 7 में अपनी फिल्म ‘लाइगर’ की को-स्टार अनन्या पांडे के साथ आए थे।
विजय और रश्मिका ने साल 2018 की रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘गीता गोविंदम’ और फिर ‘डियर कॉमरेड’ में साथ काम किया था। इसके बाद दोनों के डेटिंग की लंबी अफवाहों के बीच आखिरकार इसी साल 26 फरवरी 2026 को उदयपुर के ‘ITC मेमेंटोज़’ में पारंपरिक तेलुगु और कोडवा रीति-रिवाज से दोनों शादी के बंधन में बंध गए।
जल्द आने वाली फिल्म ‘रणबाली’
पर्सनल लाइफ के अलावा यह जोड़ी जल्द ही बड़े पर्दे पर फिर से साथ नजर आने वाली है। दोनों बहुत जल्द निर्देशक राहुल सांकृत्यायन की पीरियड एक्शन ड्रामा फिल्म ‘रणबाली’ (Ranabaali) में दिखाई देंगे, जिसकी पृष्ठभूमि 19वीं सदी के दक्षिण भारत की है।





