Salman Khan On Koffee With Karan: : छोटे पर्दे के सबसे चर्चित टॉक शो ‘कॉफी विद करण सीजन 9’ (Koffee With Karan Season 9) के धमाकेदार आगाज के साथ ही पुरानी यादें भी ताजा होने लगी हैं। इस सीजन के पहले मेहमान बॉलीवुड के ‘भाईजान’ यानी सलमान खान (Salman Khan) हैं। शो के ऑन एयर होने से पहले करण जौहर (Karan Johar) और सलमान खान से जुड़ा एक पुराना और बेहद दिलचस्प किस्सा सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। यह किस्सा उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ (Kuch Kuch Hota Hai) की शूटिंग के दौरान का है, जब सलमान की एक जिद के कारण खुद निर्देशक करण जौहर फूट-फूटकर रो पड़े थे।
जब ‘साजन जी घर आए’ गाने में फटी जींस पहनना चाहते थे सलमान
फैशन डिजाइनर प्रबल गुरुंग के साथ एक पुरानी बातचीत के दौरान करण जौहर ने साझा किया था कि जब वे अपनी पहली directorial फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ के मशहूर गाने ‘साजन जी घर आए’ (Saajanji Ghar Aaye) की शूटिंग कर रहे थे, तब सेट पर एक अजीब सी स्थिति पैदा हो गई थी।
करण ने बताया, “हम ‘साजन जी घर आए’ गाने की शूटिंग कर रहे थे और सलमान सेट पर फटी हुई जींस और एक काली टी-शर्ट पहनकर आ गए। हमने उनके लिए पहले से एक शानदार सूट तैयार किया हुआ था। मैं सलमान से बहुत डरता था और आज भी डरता हूँ। उस पल उन्होंने कहा, ‘तुम्हें पता है, आज तक किसी दूल्हे ने फटी हुई जींस नहीं पहनी है और मैं इसे एक ट्रेंड बनाना चाहता हूँ।’ हालाँकि मैंने ऊपर से ‘ठीक है’ कह दिया, लेकिन मेरा ब्लड प्रेशर तुरंत बढ़ने लगा था।”
करण के रोने पर माने थे सलमान खान
करण उस समय एक नए निर्देशक थे और वह फिल्म के ग्रैंड सेट और काजोल के भारी-भरकम लहंगे के हिसाब से सलमान को एक सूट में देखना चाहते थे। जब सलमान ने टी-शर्ट और फटी जींस पर अड़े रहने की बात कही, तो करण घबरा गए।
इस वाकये को याद करते हुए करण ने बताया था, “मैंने उनसे कहा कि सेट बहुत बड़ा है और काजोल ने बहुत बड़ा लहंगा पहना हुआ है। लेकिन वह टी-शर्ट में ही शूट करना चाहते थे। मैंने अनमने ढंग से मना कर दिया और फिर उनके सामने ही फूट-फूटकर रोने लगा। मैंने उनसे विनती की कि वह सूट पहन लें क्योंकि यह मेरी पहली फिल्म है। मेरी इस हरकत के बाद वह तुरंत मान गए और मुझसे रोना बंद करने के लिए कहा।”
करण ने यह भी खुलासा किया था कि इस फिल्म में सलमान खान का यह किरदार पहले सैफ अली खान और चंद्रचूर सिंह को ऑफर किया गया था, जिनके मना करने के बाद सलमान इस प्रोजेक्ट से जुड़े थे।
‘कॉफी विद करण 9’ के प्रोमो ने मचाया धमाल
बता दें कि ‘कॉफी विद करण’ के इस फिनाले सीजन का प्रीमियर जियोहॉटस्टार पर हो चुका है, जिसके प्रोमो में सलमान खान और करण जौहर की मस्ती ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। शो में ‘वर्जिन’ वाले सवाल से लेकर सलमान के फनी अंदाज तक, हर चीज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।







