Nana Patekar in Gadar 3: दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के अचानक निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वाले गहरे सदमे में हैं। 8 अक्टूबर 2026 को गोवा में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। इस बीच, फिल्म निर्देशक अनिल शर्मा ने नाना पाटेकर को लेकर एक ऐसा खुलासा किया है, जिसे जानकर उनके फैंस और भी ज्यादा भावुक हो जाएंगे। अनिल शर्मा ने बताया कि नाना पाटेकर सनी देओल की सुपरहिट फ्रेंचाइजी ‘गदर 3’ में काम करना चाहते थे और उन्होंने खुद निर्देशक से अपने लिए एक किरदार लिखने के लिए कहा था।
“उन्होंने खुद मुझसे गदर 3 में रोल लिखने को कहा था”
निर्देशक अनिल शर्मा ने पीटीआई (PTI) से बातचीत करते हुए बताया कि वे हाल ही में नाना पाटेकर के संपर्क में थे और उनके साथ दो आगामी प्रोजेक्ट्स—’गदर 3′ और ‘अर्जुन नाग’ पर चर्चा कर रहे थे। नाना पाटेकर ने साल 2023 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘गदर 2’ के लिए अपनी आवाज दी थी और इसके बाद 2024 में आई पारिवारिक ड्रामा फिल्म ‘वनवास’ में मुख्य भूमिका निभाई थी।
अनिल शर्मा ने याद करते हुए कहा, “मैंने कुछ दिन पहले ही उनसे ‘गदर 3’ और ‘अर्जुन नाग’ को लेकर बात की थी। वह दोबारा साथ काम करने के लिए बहुत एक्साइटेड थे। यह वही थे जिन्होंने मुझसे ‘गदर 3’ में उनके लिए एक रोल लिखने को कहा था। हम उनके किरदार को विकसित करने पर काम कर रहे थे। इसके अलावा, मैं उन्हें अपनी अगली फिल्म ‘अर्जुन नाग’ की कहानी भी सुनाने वाला था।”
एक अनुशासित और बेहतरीन इंसान थे नाना पाटेकर
नाना पाटेकर के साथ अपने गहरे जुड़ाव को याद करते हुए अनिल शर्मा ने कहा कि वे अभिनेता के निधन से बेहद स्तब्ध और दुखी हैं। उन्होंने नाना की तारीफ करते हुए कहाl “वह एक बहुत ही अनुशासित और सहयोगी कलाकार थे। वह सेट पर पूरी तैयारी के साथ और समय पर आते थे।
सीन, किरदार या कहानी को लेकर उनके मन में जो भी सवाल होते थे, वे पहले ही चर्चा कर लेते थे। वह एक निर्देशक का पूरा सम्मान करते थे।” अनिल शर्मा ने आगे कहा कि नाना पाटेकर उनके लिए बड़े भाई जैसे थे और एक प्रेरणा स्त्रोत भी थे। वे सिर्फ एक महान अभिनेता ही नहीं, बल्कि बहुत ही समझदार इंसान थे, जिन्हें ढूंढना मुश्किल है।
आने वाली फिल्में और उनका शानदार सफर
75 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह चुके नाना पाटेकर ने अपने करियर में ‘परिंदा’, ‘क्रांतिवीर’, ‘तिरंगा’, ‘प्रहार’ और ‘अपघात’ जैसी अनगिनत बेहतरीन फिल्में दीं। हाल ही में वे विशाल भारद्वाज की फिल्म ‘ओ’ रोमियो’ में पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आए थे और उन्होंने अनिल कपूर की फिल्म ‘सुबेदार’ में भी कैमियो किया था।
इसके अलावा, वे जल्द ही मैडॉक के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की अगली फिल्म ‘शक्ति शालिनी’ में भी नजर आने वाले थे। ‘गदर 3’ में काम करने की उनकी यह इच्छा अधूरी रह गई, लेकिन उनके द्वारा छोड़ी गई यादें और उनका शानदार अभिनय हमेशा दर्शकों के दिलों में जिंदा रहेगा।







