Kiara Advani Second Pregnancy : बॉलीवुड के सबसे खूबसूरत और चहेते जोड़ों में शुमार कियारा आडवाणी (Kiara Advani) और सिद्धार्थ मल्होत्रा (Sidharth Malhotra) एक बार फिर माता-पिता बनने जा रहे हैं. इस कपल ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक बेहद प्यारा जॉइंट पोस्ट शेयर कर अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की आधिकारिक घोषणा की है, जिसके बाद से फैंस और सेलेब्स उन्हें लगातार बधाइयां दे रहे हैं.
तस्वीर के जरिए शेयर की खुशखबरी
कियारा और सिद्धार्थ द्वारा शेयर किए गए इस पोस्ट में दोनों के हाथ एक-दूसरे में उलझे हुए नजर आ रहे हैं, और उनके बीच उनकी लाडली बेटी के नन्हे-मुन्ने मोजे दिखाई दे रहे हैं. इस खूबसूरत तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा गया है, “एक बार फिर से सबसे बड़े तोहफे से नवाजे गए हैं। हमारे दिल प्यार और कृतज्ञता से पूरी तरह भरे हुए हैं.” इस प्यारी घोषणा के बाद कमेंट सेक्शन में करण जौहर और अथिया शेट्टी जैसे तमाम सितारों ने दिल वाले इमोजी भेजकर अपनी खुशी जाहिर की है.
पहली संतान का स्वागत और पुरानी यादें
गौरतलब है कि सिद्धार्थ और कियारा ने पिछले साल 15 जुलाई को अपनी पहली बेटी का स्वागत किया था. इससे पहले, कियारा ने मेट गाला (Met Gala) के रेड कार्पेट पर गौरव गुप्ता के एक शानदार गाउन में अपना बेबी बंप भी फ्लॉन्ट किया था.
यह कपल फरवरी 2023 को राजस्थान के सूर्यगढ़ पैलेस में एक बेहद ड्रीम वेडिंग में शादी के बंधन में बंधा था. दोनों की लव स्टोरी फिल्म ‘शेरशाह’ (Shershaah) के शूटिंग के दौरान शुरू हुई थी, जिसे अमेजन प्राइम वीडियो पर 2021 में रिलीज किया गया था. इस दौरान दोनों ने अपने रिश्ते को काफी समय तक मीडिया की नजरों से छिपाकर रखा था. बाद में ‘कॉफी विद करण’ सीजन 8 के दौरान कियारा ने खुलासा किया था कि सिद्धार्थ ने उन्हें इटली के रोम में बेहद रोमांटिक अंदाज में प्रपोज किया था. अब जिंदगी के इस नए पड़ाव पर एक बार फिर पेरेंट्स बनने को लेकर यह कपल बेहद उत्साहित है.







