Rajeev Masand on Kangana Ranaut
Rajeev Masand on Kangana Ranaut

Rajeev Masand on Kangana Ranaut : बॉलीवुड की बेबाक और बिंदास अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut) अक्सर अपने बयानों और राजनीतिक रुख को लेकर चर्चा में रहती हैं। हाल ही में जाने-माने पूर्व फिल्म क्रिटिक और अब धर्मा कोलाब आर्टिस्ट्स एजेंसी (DCAA) के COO राजीव मसंद (Rajeev Masand) ने कंगना को लेकर एक पॉडकास्ट में खुलकर बातचीत की है। राजीव ने कंगना को हिंदी सिनेमा की बेहतरीन अभिनेत्रियों में से एक बताया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि राजनीति में आने के बाद अब उनकी पर्सनैलिटी उनके एक्टिंग टैलेंट पर भारी पड़ रही है और उनका फोकस पूरी तरह भटक गया है।

“मुझे एक्टर कंगना की कमी खलती है, वह अब एक मजाक बन गई हैं”

‘साइरस सेज’ पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान राजीव मसंद ने कंगना रनौत की तारीफ करते हुए कहा कि वह उन्हें एक एक्ट्रेस के रूप में बहुत मिस करते हैं। उन्होंने फिल्म ‘क्वीन’ (2014) में कंगना के काम की जमकर सराहना की और आने वाले सीक्वल ‘क्वीन 2’ के लिए उनके और डायरेक्टर विकास बहल के साथ दोबारा काम करने को लेकर उत्साह जताया।

हालांकि, कंगना के मौजूदा हालात पर बात करते हुए राजीव ने तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा—“जब भी उन्होंने कोई फिल्म इसलिए की क्योंकि वह एक बेहतरीन फिल्म थी, तो उन्होंने उसमें शानदार काम किया। लेकिन उसके बाद से, सब कुछ ‘कंगना शो’ जैसा हो गया है। मुझे एक्टर कंगना की कमी खलती है। वह अब बस एक मजाक बनकर रह गई हैं।”

नेपोटिज्म और बायकॉट के दावों को नकारा

कंगना द्वारा बॉलीवुड के बड़े फिल्ममेकर्स और करण जौहर पर लगाए गए उन आरोपों को राजीव मसंद ने खारिज कर दिया, जिसमें कंगना कहती रही हैं कि उन्हें इंडस्ट्री में काम से वंचित (Boycott) किया गया था। राजीव ने तर्क दिया कि बॉलीवुड हमेशा सफलता का सम्मान करता है। शुरुआत में संघर्ष हर किसी को करना पड़ता है, लेकिन एक बार सफल होने के बाद इंडस्ट्री में ऐसा भेदभाव नहीं रहता।

आपको बता दें कि अतीत में कंगना और राजीव मसंद के बीच लंबा विवाद रहा है। कंगना ने राजीव पर करण जौहर के पक्ष में रहने और ‘नेपोटिज्म’ को बढ़ावा देने के आरोप लगाए थे। इसके अलावा कंगना ने यह भी आरोप लगाया था कि राजीव जैसे लोग ‘ब्लाइंड आइटम्स’ लिखकर उनके और दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत जैसे आउटसाइडर्स को मानसिक प्रताड़ना देते थे।

“अपनी मौजूदा हालत से बाहर आने के लिए राजनीति छोड़नी होगी”

राजीव मसंद ने कंगना रनौत और आलिया भट्ट दोनों को हिंदी सिनेमा की बेहतरीन अभिनेत्रियां बताया, लेकिन माना कि कंगना का राजनीति में जाना उनके करियर के लिए सही साबित नहीं हुआ है। कंगना कुछ साल पहले हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से लोकसभा चुनाव जीतकर बीजेपी की सांसद बनी हैं।

जब राजीव से पूछा गया कि क्या कंगना कभी अपनी खोई हुई शोहरत और साख वापस पा सकती हैं, तो उन्होंने कहा, “कौन जानता है?” इसके साथ ही उन्होंने सहमति जताई कि अपनी मौजूदा छवि से बाहर निकलने के लिए कंगना को सबसे पहले अपना राजनीतिक करियर छोड़ देना चाहिए। राजीव ने यह भी मजाकिया अंदाज में कहा कि कंगना, राखी सावंत और सुनीता आहूजा जैसी सेलिब्रिटीज ही अपनी बेबाक बातों से टैब्लॉयड और मीडिया की दुनिया को जिंदा रखे हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here