Divya Khosla Kumar on Govinda Affair : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा (Govinda) और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा (Sunita Ahuja) के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद इन दिनों सुर्खियों में बना हुआ है। गोविंदा का नाम उनकी को-स्टार कोमल रानी के साथ जुड़ने और तलाक की खबरों के बाद सोशल मीडिया पर मचे बवाल के बीच, अब एक्ट्रेस और डायरेक्टर दिव्या खोसला कुमार (Divya Khosla Kumar) सुनीता आहूजा के समर्थन में उतर आई हैं। दिव्या ने सोशल मीडिया पर एक लंबा-चौड़ा और बेहद तीखा पोस्ट शेयर करते हुए गोविंदा के रवैये की कड़ी निंदा की है।
“सुनीता जी ने अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया, और बदले में क्या मिला?”
दिव्या खोसला कुमार ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने सुनीता आहूजा के दर्द और उनके त्याग का जिक्र किया। दिव्या ने लिखा कि वह हमेशा से गोविंदा को एक सीनियर और सम्मानित अभिनेता मानती रही हैं, लेकिन उनका यह रूप बेहद निराशाजनक है।
दिव्या ने लिखा – “सुनीता जी ने एक महिला के रूप में आपको अपना सब कुछ दे दिया। वह वफादार रहीं। उन्होंने आपके बच्चों की परवरिश की। उन्होंने अपना खुद का कोई करियर नहीं बनाया। एक औरत इससे ज्यादा और क्या कर सकती है? वह आपकी सफलता के पीछे की ताकत थीं। आप बाहर सफल थे, लेकिन इसका पूरा श्रेय अकेले आपको नहीं जाता।”

बहुविवाह (Polygamy) को बढ़ावा देना खतरनाक”
दिव्या ने समाज में बदलते ट्रेंड और इस पूरे मामले पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज जिस तरह से इस अफेयर को खुलेआम दिखाया जा रहा है, वह हमारी संस्कृति के खिलाफ है। उन्होंने लिखा कि आज एक महिला पूरी सोसाइटी के सामने मदद की गुहार लगा रही है और हम सब चुपचाप तमाशा देख रहे हैं।
उन्होंने आगे लिखा— ले-देकर बात ये है कि अपनी संस्कृति को बचाएं। भले ही आपका अफेयर चल रहा हो, लेकिन कृपया इसे सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित न करें। हम यह तमाशा देखने में बिल्कुल दिलचस्पी नहीं रखते। धार्मिक स्थलों पर अपने अफेयर का प्रदर्शन करना और ज़ाहिर तौर पर अपनी पत्नी को कातिल साबित करने की साजिश रचना… किसी भी रीढ़हीन मर्द द्वारा गिरा हुआ यह सबसे निचला स्तर है।”
58 की उम्र में सुनीता जी को मिला यह सिला”
दिव्या ने दुख जताते हुए कहा कि जिस उम्र में महिलाओं को अपने पति के साथ आराम की जिंदगी बितानी चाहिए, उस उम्र में सुनीता आहूजा को अकेले संघर्ष करना पड़ रहा है।
उन्होंने लिखा— “58 साल की उम्र में, जब महिलाओं के पोते-पोतियां होने की उम्र होती है, तो उन्हें केवल इतना ही मिलना चाहिए कि वे अपने पति के साथ बुढ़ापे में हाथ में हाथ डालकर चल सकें। अपना पूरा जीवन इस आदमी के लिए कुर्बान करने का क्या फायदा हुआ, अगर इस उम्र में भी उन्हें एक पत्नी के रूप में अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष करना पड़े? मेरा दिल आपके साथ है सुनीता जी, और मुझे खेद है।” क्या है पूरा मामला?
आपको बता दें कि गोविंदा ने साल 1987 में सुनीता आहूजा से गुपचुप शादी की थी, जब वह सुपरस्टार नहीं बने थे। दोनों के दो बच्चे (बेटी टीना आहूजा और बेटा यशवर्धन आहूजा) हैं। हाल ही में गोविंदा का नाम कोमल रानी स्वर्णकार के साथ जुड़ने के बाद खबरें आई थीं कि सुनीता ने तलाक के लिए अर्जी दी थी, हालांकि बाद में इसे वापस ले लिया गया। हाल ही में गोविंदा और कोमल रानी के एक ही दिन लालबागचा राजा के दर्शन के लिए अलग-अलग पहुंचने के बाद यह विवाद और ज्यादा तूल पकड़ गया है, जिस पर अब सेलेब्स भी खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।







