दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) की मौत का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। एक्टर की बहन श्वेता सिंह कीर्ति (Shweta Singh Kirti) ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने सुशांत के पोस्ट-मॉर्टम को लेकर बेहद सनसनीखेज और चौंकाने वाले दावे किए हैं। श्वेता का यह वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर से सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।
श्वेता सिंह का दावा टांग टूटी थी और गन का इस्तेमाल हुआ था”
हाल ही में इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में श्वेता सिंह कीर्ति ने बताया कि अटलांटा से लौटने के बाद कई लोग उनसे मिले और सुशांत के साथ हुई अनहोनी को लेकर अपना दुख जताया। इसी दौरान उन्होंने एक नया खुलासा किया।
श्वेता ने वीडियो में कहा—“हमें हाल ही में पता चला है कि जिस शख्स ने भाई का पोस्ट-मॉर्टम किया था, उसने बताया कि वहां गन का इस्तेमाल हुआ था, भाई की टांग टूटी हुई थी और उनके शरीर पर बहुत ज्यादा फोर्स (बल) का इस्तेमाल किया गया था। उनकी आंखें भी जख्मी थीं।”
नफरत नहीं, प्यार और अच्छाई चुनने की अपील
इस गंभीर खुलासे के साथ ही श्वेता ने लोगों से संयम बरतने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि अपनों को खोने के बाद माफ करना बहुत मुश्किल होता है, लेकिन वह नफरत, बदले की भावना या आक्रोश में खुद को नहीं खोना चाहतीं।
उन्होंने कहा – “दुनिया में नाइंसाफी है, मैं मानती हूं। अच्छे लोगों को भी बहुत दर्द से गुजरना पड़ता है। लेकिन दर्द ही आपके ट्रांसफॉर्मेशन का रास्ता है। हीलिंग हमेशा प्यार से आती है। मैं प्यार के साथ खड़ी हूं, और उम्मीद करती हूं कि आप लोग भी भगवान, अच्छाई और प्यार के साथ खड़े रहेंगे।”
आधिकारिक रिपोर्ट्स में क्या सामने आया था?
सुशांत सिंह राजपूत 14 जून 2020 को बांद्रा स्थित अपने फ्लैट पर मृत पाए गए थे। इस मामले की जांच मुंबई पुलिस के अलावा केंद्रीय जांच एजेंसियों जैसे CBI, ED और NCB ने की थी:
- कूपर अस्पताल की रिपोर्ट: कूपर अस्पताल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, एक्टर की मौत दम घुटने (Asphyxia) की वजह से हुई थी। रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया गया था कि शरीर पर संघर्ष (Struggle marks) या बाहरी गंभीर चोटों, हड्डियों के टूटने या बुलेट/गन के निशान जैसा कोई जिक्र नहीं था।
- CBI की क्लोजर रिपोर्ट: सीबीआई की जांच और क्लोजर रिपोर्ट में किसी भी तरह की फॉल प्ले (Foul play) या साजिश से इनकार किया गया था। जांच एजेंसियों ने इसे आत्महत्या का मामला माना था।
हालांकि इतने साल बीत जाने के बाद भी परिवार और फैंस के मन में सुशांत की मौत से जुड़े कई सवाल जिंदा हैं, और अब श्वेता सिंह कीर्ति के इस नए बयान ने इस मामले को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।







