Salman Khan on AI Deepfakes – बॉलीवुड के ‘सुल्तान’ सलमान खान (Salman Khan) अपने बेबाक अंदाज और सोशल मुद्दों पर खुलकर बात करने के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में ‘बिग बॉस 20’ (Bigg Boss 20) के ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में सलमान खान ने एक बेहद गंभीर और आज के समय के सबसे बड़े खतरे यानी AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और डीपफेक वीडियो (Deepfake Videos) के बढ़ते दुरुपयोग पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने ऐसे वीडियो बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि इन्हें सीधा जेल के पीछे भेजना चाहिए।
सलमान खान ने उठाई AI डीपफेक पर आवाज
पिछले हफ्ते ऑनलाइन ट्रोलिंग और बॉडी शेमिंग पर बात करने के बाद, इस बार सलमान खान ने टेक्नोलॉजी के गलत इस्तेमाल को लेकर बड़ा मुद्दा उठाया। शो के दौरान सलमान ने बताया कि कैसे लोग आज के समय में AI का इस्तेमाल करके सेलिब्रिटीज और पब्लिक फिगर्स की आवाज को क्लोन (Dub) कर रहे हैं और फर्जी वीडियो बना रहे हैं।
सलमान ने खुलासा किया कि खुद उनका नाम और चेहरा भी कई ऐसे AI-जेनरेटेड फर्जी वीडियो में इस्तेमाल किया जा चुका है।
उन्होंने कहा—“किसी ने आपकी AI वॉयस लेकर डब करके किसी को गाली बक दी। आप जानते हैं वे क्या कर रहे हैं? AI वीडियो बना रहे हैं ये। बहुत सारे लोगों के और खुद मैं भी AI वीडियो में हूं।”
जब तक कोई जेल नहीं जाएगा, यह नहीं रुकेगा”
फर्जी वीडियो बनाने वालों की नीयत पर सवाल उठाते हुए सलमान खान ने कहा कि जो लोग जानबूझकर इस तरह का फेक कंटेंट तैयार करते हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाना चाहिए।
सलमान ने गुस्से में कहा—”तो चलो, कुछ लोग जिन्हें पता नहीं कि यह AI है, वो पोस्ट कर देंगे कि सलमान खान वहां पर था। लेकिन जिनको यह बात पता है, जिन्होंने यह वीडियो बनाया है, वे किस तरह के लोग हैं? अब उस तरह के लोगों को जेल के पीछे डाल देना चाहिए। जब तक कोई एक-आध ऐसा अंदर जाएगा नहीं ना, तब तक यह रुकने वाला नहीं है!”
सोशल मीडिया पर सेंसरशिप और सख्त कानूनों की मांग
सिर्फ नाराजगी जाहिर करते हुए ही नहीं, बल्कि सलमान खान ने इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए कड़े कदम उठाने की वकालत भी की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर नकेल कसने की बहुत जरूरत है।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा—“सोशल मीडिया पर सेंसरशिप होनी चाहिए। और मैं इस मामले को बहुत गंभीरता से उठाने जा रहा हूँ।”
आपको बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब सलमान ने इस पर कड़ा रुख अपनाया हो। इससे पहले दिसंबर 2025 में भी अभिनेता ने अपनी तस्वीर, आवाज और पर्सनालिटी के अनधिकृत AI इस्तेमाल के खिलाफ कानूनी कदम उठाए थे। बिग बॉस के मंच से सलमान खान की यह चेतावनी साफ करती है कि आज डीपफेक और AI का यह जाल कितना खतरनाक रूप ले चुका है।







