Abhijeet Sawant on Arijit Singh
Abhijeet Sawant on Arijit Singh

Abhijeet Sawant on Arijit Singh : बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक अभिजीत सावंत (Abhijeet Sawant) ने हाल ही में अपने और सिंगर अरिजीत सिंह (Arijit Singh) के शुरुआती करियर को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया है। साल 2005 में जब दोनों सिंगर्स ने अपने रियलिटी शो के सफर की शुरुआत की थी, तब की स्थिति पर बात करते हुए अभिजीत ने माना कि उस दौरान उनकी लोकप्रियता अरिजीत से कहीं अधिक थी।

“2005 में मैं था चर्चित, अरिजीत को कोई नहीं जानता था”

हाल ही में ‘फिल्मीज्ञान’ को दिए गए एक इंटरव्यू में अभिजीत सावंत ने बताया कि कैसे 2005 में उनके और अरिजीत के करियर ने बिल्कुल अलग रास्ते चुने थे। ‘इंडियन आइडल’ के पहले सीजन का विनर बनने के बाद अभिजीत रातों-रात घर-घर में एक जाना-पहचाना नाम बन गए थे, जबकि अरिजीत सिंह ने ‘फेम गुरुकुल’ में हिस्सा लेने के बाद काफी समय तक लाइमलाइट से दूरी बनाए रखी थी। अभिजीत ने कहा—“अगर आप उस वक्त उनकी और मेरी तुलना करें, तो मैं बहुत पॉपुलर था, लेकिन वो नहीं थे। इसलिए मैंने जिस तरह का प्रेशर झेला, वो अरिजीत के प्रेशर से बिल्कुल अलग था।”

स्टूडियो में की सालों मेहनत, फिर किस्मत ने पलटा पासा

अभिजीत ने आगे बताया कि अरिजीत सिंह ने सफलता हासिल करने से पहले संगीतकारों के साथ स्टूडियो में सालों तक चुपचाप काम किया था।

उन्होंने कहा—“2005 के बाद अरिजीत लाइमलाइट से दूर हो गए। कम से कम 10 साल तक—इसे आप किस्मत का फेर कह सकते हैं—उन्होंने म्यूजिक स्टूडियो में जाकर सभी बड़े म्यूजिक कंपोजर्स के साथ काम किया। बतौर सिंगर नहीं, बल्कि एक प्रोड्यूसर और प्रोग्रामर के तौर पर। वह अपनी बेसिक जड़ों की ओर लौटे और अपनी यात्रा फिर से शुरू की, और तब कोई उन्हें नहीं जानता था।”

अरिजीत के करियर के टर्निंग पॉइंट पर बात करते हुए अभिजीत ने कहा कि भले ही उन्होंने ‘मर्डर 2’ का गाना ‘दिल संभाल जा ज़रा’ गाया था, लेकिन फिल्म ‘आशिकी 2’ के गाने ‘तुम ही हो’ ने उन्हें रातों-रात असली ‘अरिजीत सिंह’ बना दिया। उन्होंने माना कि ऐसा गाना मिलना और किस्मत का साथ होना बहुत बड़ी बात है।

दर्शकों की सोच पर क्या बोले अभिजीत?

इंटरव्यू के अंत में अभिजीत सावंत ने समाज और दर्शकों के उस रवैये पर भी बात की जो सिर्फ सफलता को ही देखता है। उन्होंने कहा कि दर्शक अक्सर किसी इंसान की विजिबल सक्सेस को देखकर उसकी तारीफ करते हैं, लेकिन जिसके बारे में वे नहीं जानते, उसमें कमियां निकालने लगते हैं। हर किसी की अपनी एक अलग जर्नी और संघर्ष होता है, इसलिए दूसरों के सफर का सम्मान करना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here