Kaira Interview: ‘Rise and Fall 2 : कायरा अनु (Kaira Annu) एक लोकप्रिय मॉडल, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और एमटीवी स्प्लिट्सविला की विनर रह चुकी हैं, जिन्होंने डेंटिस्ट से लेकर ग्लैमर इंडस्ट्री तक का सफर तय किया है। अपनी एक अलग पहचान बनाने वाली कायरा अब अमेज़न प्राइम वीडियो और MX प्लेयर के पॉपुलर रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ (Rise and Fall) सीजन 2 में बतौर कंटेस्टेंट धमाल मचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। शो के सामने आए प्रोमो में निहारिका तिवारी के साथ उनकी तीखी नोकझोंक और ड्रामा भी देखने को मिला है। इस सबके बीच, हाल ही में उन्होंने ‘फिल्मी विंडो’ (Filmy Window) के लिए हीना कुमावत (Heena Kumawat) के साथ एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किया है, जिसमें उन्होंने ट्रोलिंग, रिश्तों और अपनी इस नई सोलो जर्नी पर खुलकर दिल की बात रखी है।
“दुनिया सपोर्ट करे न करे, मेरे सबसे बड़े फैन मेरे पापा हैं!”
इंटरव्यू के दौरान जब कायरा से उनके सपोर्ट सिस्टम और फैंस की उम्मीदों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बहुत ही इमोशनल बात कही। उन्होंने माना कि उन्हें सबसे बड़ा डर यही रहता है कि कहीं वह अपने फैंस को निराश न कर दें।
उन्होंने कहा—”डर यही रहता है कि मैं अपने फैंस को अपसेट ना करूँ, क्योंकि उनकी मुझसे जितनी उम्मीदें हैं, शायद उतनी मुझे खुद से भी नहीं हैं। जहाँ तक सपोर्ट की बात है, तो दुनिया सपोर्ट करे या न करे, मेरे सबसे बड़े फैन और सपोर्ट सिस्टम मेरे पापा और मेरी फैमिली है।”
“इस बार कोई जुगलबंदी नहीं, सिर्फ कायरा होगी
अपने नए रियलिटी शो के बारे में बात करते हुए कायरा ने बताया कि यह सफर उनके लिए बेहद खास होने वाला है। उन्होंने कहा कि इस बार शो में कोई ‘जुगलबंदी’ देखने को नहीं मिलेगी, बल्कि यह पूरी तरह से उनकी अपनी ‘सोलो जर्नी’ होगी। दर्शक इस बार सिर्फ और सिर्फ कायरा को ही देख पाएंगे और उनके साथ सीधे कनेक्ट हो सकेंगे।
प्रोमो में निहारिका तिवारी के साथ उनके मनमुटाव और ड्रामे को लेकर भी काफी चर्चा है, जिस पर कायरा का कहना है कि वह हर नए सफर की शुरुआत एक फ्रेश माइंड के साथ करना चाहती हैं।
“मैं कंट्रोवर्सी और ट्रोलिंग का जवाब देने में यकीन नहीं रखती”
सोशल मीडिया पर मिलने वाली नफरत और ट्रोलिंग पर बात करते हुए कायरा ने बेहद सुलझी हुई प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह कभी भी किसी की ट्रोलिंग या नेगेटिविटी का जवाब देने में अपना वक्त बर्बाद नहीं करतीं।
उन्होंने साफ किया—”लाइफ बहुत छोटी है, इसलिए मैं पास्ट को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने में यकीन रखती हूँ। अगर मैं इन सब चीज़ों का जवाब देने बैठती, तो शायद आपको बहुत सारे शोज में दिखती, लेकिन मेरा पूरा फोकस अपने करियर को आगे बढ़ाने और हार्ड वर्क करने पर है।”
“अगर रिश्ता जरूरी है, तो माफी मांगने में पीछे नहीं हटती”
इंसानी रिश्तों और बॉन्डिंग को लेकर कायरा का नजरिया काफी अलग और परिपक्व है। उन्होंने इंटरव्यू में बताया कि वह रिश्तों को बनाए रखने के लिए किसी भी हद तक जा सकती हैं।
उन्होंने कहा—”मैं ह्यूमन रिलेशनशिप्स से बहुत प्यार करती हूँ। अगर कोई इंसान मेरे लिए वाकई बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण है, तो मैं अपने ईगो को साइड में रखकर उस रिश्ते को बचाने के लिए खुद झुकने या माफी मांगने से भी पीछे नहीं हटती—चाहे मेरी गलती हो या न हो!”
अब देखना यह होगा कि ‘Rise and Fall’ सीजन 2 के इस नए सफर में कायरा का यह बेबाक और सच्चा अंदाज दर्शकों का कितना दिल जीत पाता है!







