मुंबई। ‘Mirzapur: The Movie’ को लेकर दर्शकों के बीच लंबे समय से जबरदस्त उत्सुकता थी। ओटीटी पर अपनी मजबूत पकड़ बना चुकी ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी ने अब बड़े पर्दे पर दस्तक दी है और शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़े संकेत दे रहे हैं कि कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया की लोकप्रियता थिएटर में भी बरकरार है।
4 सितंबर को रिलीज हुई फिल्म ने पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलीज से पहले फिल्म के 1.6 लाख से ज्यादा टिकटों की एडवांस बुकिंग हो चुकी थी। शुरुआती ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने भारत में करीब ₹24 करोड़ नेट की कमाई की है, जबकि इसका इंडिया ग्रॉस कलेक्शन लगभग ₹29 करोड़ तक पहुंचा है। अलग-अलग ट्रैकिंग पोर्टल्स के आंकड़ों में थोड़ा अंतर देखने को मिल रहा है और अंतिम आंकड़ों में बदलाव संभव है।
2026 की बड़ी ओपनिंग में शामिल
फिल्म की पहले दिन की कमाई ने इसे 2026 की सबसे बड़ी हिंदी ओपनिंग वाली फिल्मों की दौड़ में शामिल कर दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 2026 की चौथी सबसे बड़ी हिंदी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है। फिल्म ने ‘आवारापन 2’ को पीछे छोड़ते हुए टॉप 4 में अपनी जगह बनाई है।
इस साल अब तक ‘धुरंधर’, ‘Toxic’ और ‘Border 2’ ने ‘मिर्जापुर: द मूवी’ से ज्यादा कमाई करते हुए टॉप 3 में अपनी जगह बनाई है। ऐसे में ‘मिर्जापुर’ की यह ओपनिंग इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि फिल्म एक लोकप्रिय ओटीटी फ्रेंचाइजी से निकलकर सिनेमाघरों तक पहुंची है।
खास बात यह है कि फिल्म की ताकत किसी पारंपरिक बॉलीवुड सुपरस्टार की लोकप्रियता के बजाय पहले से स्थापित ‘मिर्जापुर’ ब्रांड और उसके किरदारों की फैन फॉलोइंग है। यही वजह है कि इसकी ओपनिंग को इंडस्ट्री के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
क्या वीकेंड में और बढ़ेगी कमाई?
पहले दिन के आंकड़े फिल्म के लिए उत्साहजनक हैं, लेकिन असली परीक्षा शनिवार और रविवार को होगी। शुक्रवार के मुकाबले वीकेंड पर ऑक्यूपेंसी बढ़ती है तो फिल्म की कमाई में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ के लिए फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या फिल्म अपने पहले दिन की मजबूत शुरुआत को वीकेंड में बरकरार रख पाती है और क्या यह तेजी से ₹100 करोड़ के क्लब की तरफ बढ़ती है।
फिलहाल इतना जरूर कहा जा सकता है कि ओटीटी की दुनिया से निकली ‘मिर्जापुर’ ने बॉक्स ऑफिस पर भी अपनी पहली दस्तक जोरदार तरीके से दी है। अब आने वाले दो दिन तय करेंगे कि कालीन भैया का यह सिनेमाई ‘भौकाल’ सिर्फ ओपनिंग तक सीमित रहता है या लंबी बॉक्स ऑफिस रेस में भी कायम रहता है।
नोट: बॉक्स ऑफिस के शुरुआती आंकड़े विभिन्न ट्रेड एवं ट्रैकिंग रिपोर्ट्स पर आधारित हैं। अंतिम आंकड़ों में बदलाव संभव है।







